इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को इंग्लैंड टेस्ट टीम के नए हेड कोच के रूप में नियुक्त किया है. वहीं, जो रूट को टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया है. स्टीफन फ्लेमिंग अपने पुराने साथी और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम की जगह लेंगे. मैकुलम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ ही इंग्लैंड को घरेलू सीरीज में 2-1 से मिली हार के बाद कोच पद से इस्तीफा दे दिया था. फ्लेमिंग पाकिस्तान के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज से हेड कोच की भूमिका संभालेंगे और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन इस बात से खुश नहीं हैं.
माइकल वॉन ने 'टेलीग्राफ' में अपने एक कॉलम में फ्लेमिंग की नियुक्ति को अच्छा फैसला बताया है, लेकिन उन्होंने उनके सामने आने वाली चुनौतियों भी गिनाई हैं. माइकल वॉन ने लिखा,"इंग्लैंड के टेस्ट कोच के तौर पर स्टीफन फ्लेमिंग एक अच्छा चुनाव हैं, लेकिन उन्हें दिसंबर में साउथ अफ्रीका दौरे के लिए पूरी तरह से जिम्मेदारी संभालने के बजाय पाकिस्तान सीरीज की शुरुआत से ही इस भूमिका में आ जाना चाहिए."
माइकल वॉन ने आगे कहा,"बात छोटी-छोटी चीजों की है, जैसे एजबेस्टन जैसे मैदानों (जहां एशेज टेस्ट होता है) पर जाने का अनुभव हासिल करना, इंग्लिश क्रिकेट से जुड़े लोगों को जानना और काउंटी कोचों से मिलकर खेल के बारे में जानकारी जुटाना जो उनकी मदद कर सकते हैं. ये वे छोटी-छोटी बातें हैं जिन्हें इंग्लैंड ने ब्रेंडन मैकुलम के दौर में नजरअंदाज कर दिया था, लेकिन बड़ी ट्रॉफियां जीतने के लिए इनकी जरूरत होती है."
फ्लेमिंग ने अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग नहीं की है, लेकिन लीग क्रिकेट में बतौर कोच उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की है. आईपीएल में वह सीएसके को 5 खिताब जीतवा चुके हैं. उनकी कोचिंग में सीएसके ने 10 बार आईपीएल का फाइनल खेला. फ्लेमिंग दक्षिण अफ्रीका और यूएसए में भी सीएसके फ्रेंचाइजी से जुड़ी टीमों को कोचिंग दी है. इसके अलावा बीबीएल में मेलबर्न स्टार्स और द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव के भी कोच रह चुके हैं. आईपीएल 2026 की समाप्ति के कुछ समय बाद ही फ्लेमिंग से सीएसके और इस फ्रेंचाइजी से जुड़ी तमाम जिम्मेदारियों से खुद को अलग कर लिया था.
उन्होंने आगे कहा,"इससे यह भी पता चलता है कि इंग्लैंड की नौकरी का आकर्षण थोड़ा कम हो गया है क्योंकि उन्हें तुरंत काम शुरू करने की ज़रूरत महसूस नहीं होती. इससे इंग्लैंड की थोड़ी बेताबी भी दिखती है कि वे अपनी शर्तों के बजाय उस कैंडिडेट की शर्तों पर उसे नियुक्त करने को तैयार थे."
वॉन ने चेतावनी दी है कि नए कप्तान जो रूट, MS धोनी जैसे नहीं हैं और इंग्लैंड टीम में फ्लेमिंग का काम काफी मुश्किल होने वाला है. "फ्लेमिंग का बहुत सम्मान किया जाता है और वे एक बेहतरीन मैनेजर और रणनीतिकार के तौर पर जाने जाते हैं. मैंने उन्हें IPL में देखा है, और इंग्लिश क्रिकेट में उन्हें एक समस्या यह हो सकती है कि उनके कप्तान के तौर पर हमारे पास MS धोनी जैसा कोई खिलाड़ी नहीं है."
वॉन ने लिखा,"धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की कमान संभाली और फ्लेमिंग के पास कुछ बहुत अच्छे बैक-रूम कोच भी थे. एरिक साइमंस उनके लिए एक शानदार बॉलिंग कोच थे, जो व्हाइट बॉल को स्विंग कराने में माहिर थे. उनकी टीम तेज़ रफ़्तार के बजाय बॉलिंग स्किल पर आधारित थी. मुझे आश्चर्य है कि क्या यह इस बात का संकेत है कि इंग्लैंड की टेस्ट टीम में सिर्फ़ तेज़ रफ़्तार के बजाय बॉलिंग स्किल की वापसी होगी."
यह भी पढ़ें: 'वह रेड बॉल क्रिकेट में बॉटम पर' वैभव सूर्यवंशी को बनाया गया उपकप्तान तो हर्षा भोगले ने उठाए सवाल
यह भी पढ़ें: नीरज समेत सबसे ज्यादा भारतीय जैवलिन के फाइनल में, चोटिल घुटने के साथ तेजस्विन बन गए हीरो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं