ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने कमाल कर दिया है. उन्होंने करीब साढ़े नौ साल बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक जमाते हुए सबको अपना दीवाना बना दिया है. मौजूदा समय में ऑस्ट्रेलिया की टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर है. जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज जारी है. प्रतिष्ठित सीरीज का पहला मुकाबला नौ अक्टूबर से डरबन में खेला जा रहा है. जहां टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. मगर पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करने के लिए आए रेनशॉ ने धैर्य नहीं खोया और सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपने टेस्ट करियर का दूसरा शतक पूरा किया. दूसरे दिन के लंच तक वह 218 गेंद में 46.78 की स्ट्राइक रेट से 102 रन बनाकर नाबाद हैं. इस दौरान क्रिकेट प्रेमियों को उनके बल्ले से 10 चौके देखने को मिले हैं.
करीब 12 साल बाद किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर जड़ा शतक
रेनशॉ की तरफ से डरबन में खेली गई यह शतकीय पारी कई मायनों में यादगार बन गई है. साल 2014 के बाद से किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की तरफ से दक्षिण अफ्रीकी सरजमीं पर खेली गई यह पहली टेस्ट शतकीय पारी है. यही नहीं साल 2009 के बाद से किंग्समीड में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से लगाया यह पहला शतक भी है. रेनशॉ ने एनरिक नॉर्खिया के ओवर में चौका जड़ते हुए यह विशेष उपलब्धि हासिल की.
मैट रेनशॉ का टेस्ट करियर
खबर लिखे जाने तक मैट रेनशॉ ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कुल 16 टेस्ट मुकाबले खेले हैं. इस बीच उनके बल्ले से 26 पारियों में 755 रन निकले हैं. जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. 184 रनों की खेली गई शतकीय पारी उनकी एक मैच में खेली गई सर्वोच्च शतकीय पारी है.
यह भी पढ़ें- रांची में हार गई भारतीय टीम, फिर भी खुश क्यों हैं श्रेयस अय्यर? वजह बने ये दो खिलाड़ी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं