पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को ऑस्ट्रेलिया की संसद में आयोजित वार्षिक दिवाली समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया. इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के योगदान की सराहना की और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को अहम बताया.कैनबरा स्थित पार्लियामेंट हाउस में आयोजित इस समारोह में स्मृति ईरानी ने कहा कि भारतीय मूल के ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों ने कारोबार, विभिन्न पेशों और सार्वजनिक जीवन में अपनी पहचान बनाई है.
ऑस्ट्रेलिया में स्मृति ईरानी का स्वागत
उन्होंने उन उद्यमियों का भी जिक्र किया, जो दोनों देशों में रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने उन परिवारों और सामुदायिक संगठनों के योगदान को भी रेखांकित किया, जो पीढ़ियों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं.ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष मिल्टन डिक और वित्त एवं महिला मामलों की मंत्री सीनेटर कैटी गैलाघर ने स्मृति ईरानी का स्वागत किया. प्रतिनिधि सभा में प्रश्नकाल के दौरान अध्यक्ष ने उनका विशेष रूप से उल्लेख भी किया. इसके अलावा, ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री सीनेटर पेनी वोंग के साथ एक अलग मुलाकात में स्मृति ईरानी ने ऑस्ट्रेलियाई समाज में भारतीय समुदाय के योगदान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के विकास संबंधी विजन में महिलाओं की भूमिका पर चर्चा की.

ऑस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय मूल के लोगों के योगदान को सराहा
स्मृति ईरानी 23 से 26 नवंबर 2026 तक ऑस्ट्रेलिया के विशेष दौरा कार्यक्रम के तहत सिडनी और कैनबरा के दौरे पर थीं. महिलाओं के प्रतिनिधित्व और आर्थिक भागीदारी के क्षेत्र में उनके काम को देखते हुए उन्हें इस यात्रा के लिए आमंत्रित किया गया था.इस दौरान उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की लघु व्यवसाय मंत्री ऐन एली के अलावा सांसद एंड्रयू चार्लटन, जूलियन हिल और टिम वॉट्स से मुलाकात की। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी एबॉट से भी बातचीत की.
निवेश और कारोबार की संभावनाओं पर जोर
स्मृति ईरानी ने अपनी संस्था ‘अलायंस फॉर ग्लोबल गुड – जेंडर इक्विटी एंड इक्वैलिटी' के काम का उल्लेख करते हुए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला उद्यमियों के लिए निवेश और कारोबार की संभावनाओं पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के निवेशकों और कंपनियों को महिला उद्यमियों के साथ जुड़ने के अवसर तलाशने चाहिए, ताकि उन्हें अपने कारोबार के विस्तार, व्यावसायिक साझेदारियां बनाने और दूसरे देश के बाजारों तक पहुंचने में मदद मिल सके.
उनके मुताबिक, भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला नेतृत्व वाले कारोबारों को बढ़ावा देना दोनों देशों के आर्थिक रिश्तों को और मजबूत करने का एक अवसर है. इससे न केवल महिला उद्यमियों को अपने कारोबार का विस्तार करने का मौका मिलेगा, बल्कि दोनों देशों के बीच निवेश और व्यावसायिक सहयोग को भी नई दिशा मिल सकती है.
ये भी पढ़ें-परिसीमन क्या है और कौन तय करता है लोकसभा सीटों की संख्या? आसान भाषा में समझें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं