ACC पुरुष एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-A के खिलाफ नेपाल की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई. 333 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाली टीम सिर्फ 26 रन पर ऑलआउट हो गई. यह लिस्ट-A क्रिकेट इतिहास के सबसे कम टीम स्कोरों में से एक है. नेपाल अब इस शर्मनाक रिकॉर्ड लिस्ट में शामिल हो गया है.
भारत-A के लिए प्रिंस यादव (5/6) और हर्षित राणा (4/16) ने नई गेंद से ऐसा कहर बरपाया कि नेपाल ने 11.3 ओवर में ही अपने सभी विकेट गंवा दिए। टीम का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका.
लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे कम स्कोर (Top-10)
- वेस्टइंडीज अंडर-19 - 18 रन बनाम बारबाडोस (2007)
- सराकेन्स - 19 रन बनाम कोल्ट्स सीसी (2012)
- मिडिलसेक्स - 23 रन बनाम यॉर्कशर (1974)
- ओमान - 24 रन बनाम स्कॉटलैंड (2019)
- नेपाल - 26 रन बनाम भारत-A (2026)
- चितगांव डिवीजन - 30 रन बनाम सिलहट डिवीजन (2002)
- ऐस कैपिटल - 30 रन बनाम नॉनडिस्क्रिप्ट्स (2021)
- बॉर्डर - 31 रन बनाम साउथ वेस्टर्न डिस्ट्रिक्ट्स (2007)
- सौराष्ट्र - 34 रन बनाम मुंबई (2000)
- क्रिकेट कोचिंग स्कूल - 35 रन बनाम अबाहानी लिमिटेड (2013)
जिम्बाब्वे भी 2004 में श्रीलंका के खिलाफ 35 रन पर ऑलआउट हुआ था, लेकिन नेपाल के 26 रन के बाद वह टॉप-10 से बाहर खिसक गया.
भारत-A ने दर्ज की 306 रन की जीत
इससे पहले भारत-A की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और टीम ने 42 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे. हालांकि कप्तान तिलक वर्मा और विकेटकीपर कुमार कुशाग्र ने चौथे विकेट के लिए 206 रन की साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया.
तिलक वर्मा ने 107 रन बनाए, जबकि कुमार कुशाग्र ने 117 रन की शानदार पारी खेली. सूर्यांश शेडगे ने अंत में 14 गेंदों पर नाबाद 36 रन जोड़कर भारत-A को 50 ओवर में 332/9 तक पहुंचाया. जवाब में नेपाल की पूरी बल्लेबाजी भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। प्रिंस यादव ने पांच और हर्षित राणा ने चार विकेट लेकर नेपाल को 26 रन पर समेट दिया.
यह भी पढ़ें- भारत कहां जीत गया मैच? शर्मनाक हार के बाद नेपाल के कप्तान ने बताया टर्निंग पॉइंट
यह भी पढ़ें- बॉक्सर मैरी कॉम की बढ़ी मुश्किलें, इस मामले में कोर्ट ने जारी किया नोटिस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं