बांग्लादेश में सत्ता से बेदखल की जा चुकीं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी से पहले सियासी माहौल गरमाता जा रहा है. ढाका एयरपोर्ट के पास दो देसी बम धमाकों और हाल के दिनों में हुई आगजनी की घटनाओं ने सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक सोमवार रात दो देसी बमों में विस्फोट हुआ. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पहला धमाका एयरपोर्ट के बाहरी गेट के पास हुआ, जबकि दूसरा जसीमुद्दीन इलाके में हुआ, जो एयरपोर्ट और उससे जुड़े फ्लाईओवर के करीब स्थित है. इस घटना में तीन राहगीर मामूली रूप से घायल हुए हैं.
⚡Breaking🇧🇩🚨 Mob burns down Tungipara Police Station in Narayanganj , #Dhaka Division! Massive Riots in #Bangladesh right now... https://t.co/5Ne2TiiTU7
— World_Breaking_News03 (@Breaking2003) November 17, 2026
पुलिस कर रही है जांच
बांग्लादेशी अखबार डेली स्टार एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी कमरुल इस्लाम तालुकदार ने बताया कि शरारती तत्वों ने फ्लाईओवर से बम फेंके थे. धमाकों के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस घटना की जांच कर रही है.
इन धमाकों का समय बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की अटकलें तेज हैं. अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद उनकी सरकार गिर गई थी, जिसके बाद वह भारत चली गई थीं. हाल ही में उन्होंने नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र हासिल करने की प्रक्रिया शुरू की है, जिससे उनके संभावित लौटने की चर्चाओं को और बल मिला है.
कुछ दिनों से देशभर में हिंसा की घटनाएं तेज
उधर, पिछले कुछ दिनों में बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में ट्रेनों, बसों और बैंकों को निशाना बनाकर आगजनी की कई घटनाएं सामने आई हैं. पुलिस ने इनमें से कुछ मामलों के लिए अवामी लीग के कार्यकर्ताओं और उससे जुड़े संगठनों के सदस्यों को जिम्मेदार ठहराया है. शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी भागीदारी पर रोक लगा दी गई थी.
बढ़ते तनाव और संभावित अशांति के मद्देनज़र कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है. ढाका, गोपालगंज और अवामी लीग के प्रभाव वाले अन्य इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है. दिसंबर भर सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ाने और खुफिया निगरानी तेज करने का फैसला लिया गया है.
हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हालात पर खास नज़र रखी जा रही है. वहां हाल के दिनों में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं देखने को मिली हैं. सुरक्षा के लिए करीब 2,000 पुलिसकर्मियों के अलावा बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 10 प्लाटून और स्पेशल रिस्पॉन्स बटालियन के जवान भी तैनात किए गए हैं.
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान में हताश हैं आतंकी, स्ट्रेटजी में कर रहे बदलाव, ISI क्या प्लान बना रहा है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं