विज्ञापन

कोहली-रोहित के बाद भारत का अगला सुपरस्टार कौन? अफ्रीकी दिग्गज ने लिया इस युवा खिलाड़ी का नाम

पूर्व अफ्रीकी क्रिकेटर लांस क्लूजनर की मानें तो विराट कोहली-रोहित शर्मा के बाद भारत का अगला सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी होंगे.

कोहली-रोहित के बाद भारत का अगला सुपरस्टार कौन? अफ्रीकी दिग्गज ने लिया इस युवा खिलाड़ी का नाम
रोहित-कोहली के बाद अगला सुपरस्टार कौन

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर लांस क्लूजनर का मानना ​​है कि भारतीय क्रिकेट में अपने अगले दौर में आसानी से प्रवेश करने की क्षमता है. उन्होंने शुभमन गिल का समर्थन करते हुए कहा कि वे आने वाले कई वर्षों तक टीम का नेतृत्व कर सकते हैं. साथ ही, उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भविष्य के संभावित सुपरस्टार के रूप में पहचाना, जो विराट कोहली और रोहित शर्मा के संन्यास लेने के बाद उनकी जगह ले सकते हैं. क्लूजनर ने कहा कि कोहली और रोहित के कद को देखकर भारतीय क्रिकेट को अपनी अगली पीढ़ी को अपनाने से पीछे नहीं हटना चाहिए. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय क्रिकेट ने बार-बार ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जो अपने पूर्ववर्तियों की विरासत को आगे बढ़ाने में पूरी तरह सक्षम हैं.

पूर्व प्रोटियाज़ ऑलराउंडर, जो इस समय अबू धाबी T10 लीग में 'अरेबियन एसेस' के हेड कोच हैं, ने टूर्नामेंट के लिए आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान आईएएनएस से ​​बातचीत में ये बातें कहीं. यह बातचीत ऐसे समय में हुई है जब भारतीय क्रिकेट अपने दो सबसे प्रभावशाली आधुनिक खिलाड़ियों के जाने के बाद के बदलाव के दौर से गुजर रहा है.

क्लुसनर ने ​​कहा,"विराट और रोहित ने अतीत में चाहे कितना भी शानदार प्रदर्शन क्यों न किया हो, एक समय आने पर उन्हें खेल से विदा लेनी ही होगी. लेकिन क्रिकेट की खूबी यही है कि यह खेल चलता रहता है. बल्कि, कई बार यह और भी मजबूत हो जाता है. जब हम खेलते थे, तो किसी ने नहीं सोचा था कि सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड कभी टूट पाएंगे. लेकिन अब लोग उन रिकॉर्ड्स को भी चुनौती दे रहे हैं. इसलिए, खिलाड़ी आते-जाते रहते हैं. यह एक दुखद दिन होता है जब आपके खेल और आपके देश के दिग्गज खिलाड़ी विदा लेते हैं. लेकिन अच्छी बात यह है कि हमेशा युवा, अधिक फिट और तेज खिलाड़ी आगे आने के लिए तैयार रहते हैं."

गिल एक "असली सुपरस्टार"

पूर्व ऑलराउंडर ने गिल को बल्ले के साथ एक "असली सुपरस्टार" बताया. उन्होंने कहा कि युवा कप्तान के सामने अगली चुनौती यह होगी कि वह एक लीडर के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को, भारत के प्रमुख बल्लेबाज के रूप में अपनी भूमिका से अलग रखें. अफ्रीकी दिग्गज ने कहा,"मेरे लिए, मुझे पहले से ही यकीन है. मुझे लगता है कि वह इस काम के लिए बिल्कुल सही इंसान हैं. बल्ले के साथ वह एक असली सुपरस्टार हैं."

उन्होंने आगे कहा,"असल में बात बस इतनी है कि शुभमन गिल को एक बल्लेबाज और एक कप्तान के तौर पर अलग-अलग कैसे देखा जाए. मुझे लगता है कि सभी महान कप्तान ऐसा करने में सफल रहे हैं. और मुझे यकीन है कि उन्हें ऐसा करने में मदद के लिए कई मौके मिलेंगे और कई लोग भी होंगे जिनका वह सहारा ले सकते हैं."

क्लुसनर ने कहा,"लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि क्रिकेट के बल्ले के साथ वह बेहतरीन हैं. और कप्तानी एक ऐसी चीज है जिसे अनुभवी कप्तान भी हमेशा सीखते रहते हैं. वह भी ऐसा ही करेंगे. इसलिए, मैं उनके लिए बहुत उत्साहित हू. मुझे लगता है कि वह एक सुपरस्टार हैं. उम्मीद है कि वह आने वाले कई सालों तक बहुत साहस और एक बड़े मकसद के साथ भारत के लिए खेलेंगे."

गिल का एक लीडर के रूप में सामने आना ऐसे समय में हुआ है जब भारत कोहली और रोहित के बाद के दौर की तैयारी कर रहा है. इन दोनों खिलाड़ियों ने एक दशक से भी ज्यादा समय तक भारतीय क्रिकेट की दिशा तय की है. हालांकि उनके संन्यास लेने से एक बड़ी कमी जरूर महसूस होगी, लेकिन क्लूसनर का मानना ​​है कि इस बदलाव को भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता के लिए खतरे के बजाय, खेल के एक स्वाभाविक हिस्से के रूप में देखा जाना चाहिए.

उन्होंने 'सूर्यवंशी' का उदाहरण देते हुए कहा कि भारतीय प्रतिभाओं की एक नई पीढ़ी पहले से ही सामने आ रही है. "यह एक संतुलन की बात है. हर टीम अलग होती है. हर देश खिलाड़ियों के संन्यास को अलग-अलग तरीके से देखता है, और हर सीजन में खिलाड़ी संन्यास लेते ही रहते हैं. भारत अभी अपने इन दो सितारों के मामले में इसी स्थिति का सामना कर रहा है. दक्षिण अफ्रीका ने भी अपने समय के बड़े खिलाड़ियों के संन्यास के दौरान ऐसी ही स्थिति का सामना किया था." 

"लेकिन क्रिकेट चलता रहता है. सितारे आते-जाते रहते हैं, दिग्गज खिलाड़ी रिटायर हो जाते हैं, और लोगों को लगता है कि अब पहले जैसा कुछ नहीं रहेगा. लेकिन भारत को कहीं और देखने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि उनके पास सूर्यवंशी जैसा युवा खिलाड़ी मौजूद है. यही अगला सुपरस्टार है."

यह भी पढ़ें:न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करेंगे अर्शदीप? मोर्कल ने भारत के बॉलिंग प्लान पर खोले पत्ते

यह भी पढ़ें: मैच फिटनेस की ओर बुमराह-पंत, न्यूजीलैंड ए के खिलाफ इस मुकाबले में दिखेंगे एक्शन में- रिपोर्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lance Klusener, Rohit Gurunath Sharma, Virat Kohli, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com