Kumar Sangakkara react on Vaibhav Sooryavanshi : आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी की और 776 रन बनाने में सफल रहे. उनकी इस परफॉर्मेंस को लेकर राजस्थान रॉयल्स टीम के कोच कुमार संगाकारा ने बात की औऱ माना है कि अब समय आ गया है कि 15 साल के इस खिलाड़ी को जल्द से जल्द भारत की नेशनल टीम में जगह मिलनी चाहिए. गुजरात के खिलाफ मिली हार के बाद संगाकारा ने वैभव के टीम इंडिया में डेब्यू को लेकर अपनी राय दी.
संगाकारा ने कहा, "मुझे लगता है कि जब तक कोई खिलाड़ी मैदान पर उतरकर खेलता नहीं, तब तक यह पता नहीं चलता कि वह तैयार है या नहीं. वैभव ने दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाजों के खिलाफ जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. और मुझे पूरा यकीन है कि उसे बहुत जल्द ही टीम में शामिल होने का बुलावा मिलेगा. उसने बहुत ही समझदारी से बल्लेबाजी की है. इस सीजन में उसने हमारे लिए ओपनिंग पार्टनरशिप की जिम्मेदारी को बहुत ही बखूबी निभाया है."
इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कुरेन के आईपीएस से अंतिम समय में हटने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बीसीसीआई को यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी सख्त नीति जारी रखनी चाहिए कि विदेशी खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान अपने अनुबंधों का पूरी तरह पालन करें. कुरेन ने जांघ के अंदरूनी हिस्से (ग्रोइन) में चोट का हवाला देते हुए आईपीएल से नाम वापस ले लिया था. इंग्लैंड लौटने के बाद हालांकि वह टी20 ब्लास्ट में अपनी काउंटी टीम सरे के लिए तीन मैच खेल चुके हैं, जिससे उनके आईपीएल से हटने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. आईपीएल में विदेशी खिलाड़ियों की उपलब्धता लंबे समय से चर्चा का विषय रही है. इस सत्र में भी ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस मामूली फिटनेस समस्याओं के कारण प्रतियोगिता के दूसरे चरण में अपनी-अपनी टीमों से जुड़े थे.
संगकारा ने कहा, ‘‘हमें बताया गया था कि सैम कुरेन को ऐसी चोट लगी है जिसके कारण वह पूरे सत्र से बाहर हो गए हैं, लेकिन मैंने उन्हें सरे के लिए दो-तीन मैच खेलते हुए देखा है. यह निश्चित रूप से निराशाजनक है.'' उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते थे कि वह हमारे लिए खेलते, लेकिन हमें पहले ही स्थिति की जानकारी दे दी गई थी और हमने उनके स्थान पर दासुन शनाका को शामिल किया. जिस तरह टीम ने परिस्थितियों का सामना किया, उस पर सभी को गर्व होना चाहिए.''
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं