विज्ञापन

'POTM पर मचा बवाल', रसिख सलाम ने चटकाए 4 विकेट, प्लेयर ऑफ द मैच ले उड़े हेजलवुड, जानें क्यों?

लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के लिए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से जोश हेजलवुड को ही 'प्लेयर ऑफ द मैच' क्यों मिला, रसिख सलाम, भुवनेश्वर या कोहली को क्यों नहीं?

'POTM पर मचा बवाल', रसिख सलाम ने चटकाए 4 विकेट, प्लेयर ऑफ द मैच ले उड़े हेजलवुड, जानें क्यों?
Josh Hazlewood

आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला बीते बुधवार (15 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बेंगलुरु में खेला गया. जहां आरसीबी की टीम 29 गेंद शेष रहते पांच विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के दौरान गेंदबाजी में जहां रसिख सलाम ने 24 रन खर्च कर चार सफलता प्राप्त की. वहीं भुवनेश्वर कुमार ने 27 रन खर्च करते हुए तीन विकेट चटकाए. इन दोनों गेंदबाजों के अलावा आरसीबी की तरफ से बल्लेबाजी में विराट कोहली का जलवा देखने को मिला. उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए 34 गेंदों में 144.11 की स्ट्राइक रेट से 49 रनों की पारी खेली. उनके अलावा कैप्टन रजत पाटीदार ने 13 गेंदों में 27, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने नौ गेंदों में महत्वपूर्ण 23 रनों का योगदान दिया. 

सलाम, भुवनेश्वर, कोहली नहीं, बल्कि जोश हेजलवुड को मिला 'प्लेयर ऑफ द मैच'

हालांकि, मैच के बाद जब 'प्लेयर ऑफ द मैच' के अवॉर्ड की घोषणा हुई तो हर कोई आश्चर्यचकित रह गया. क्योंकि 'प्लेयर ऑफ द मैच' का अवॉर्ड रसिख सलाम, भुवनेश्वर कुमार या विराट कोहली को नहीं मिला, बल्कि जोश हेजलवुड को दिया गया. जिससे हर कोई हैरान रह गया. क्योंकि मैच के दौरान हेजलवुड केवल एक विकेट ही चटका पाए थे. जबकि सलाम और भुवनेश्वर को क्रमश: चार और तीन सफलता हाथ लगी थी. लोगों का मानना है कि 'प्लेयर ऑफ द मैच' के हकदार मुख्य रुप से रसिख सलाम थे. अगर आप भी बोर्ड के इस फैसले से नाखुश हैं और जानना चाहते हैं कि आखिर क्यों हेजलवुड को 'प्लेयर ऑफ द मैच' के अवॉर्ड से नवाजा गया तो आपके सवाल का जवाब हम लेकर आए हैं. 

पावरप्ले में हेजलवुड ने की किफायती गेंदबाजी

जारी सीजन में देखा गया है कि पहले पावरप्ले में ही बल्लेबाजों ने खूब रन बनाए हैं. पिछले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के पास एक विध्वंसक सलामी जोड़ी भी थी. उम्मीद जताई जा रही थी कि ये दोनों ही बल्लेबाज गेंदबाजों की खूब कुटाई करेंगे. मगर मैच शुरू हुआ तो परिणाम कुछ और ही रहा. टीम पहले पावरप्ले में केवल 35/1 रन ही बना पाई. मजेदार बात यह रही कि इस दौरान हेजलवुड ने आरसीबी की तरफ से कुल तीन ओवरों की गेंदबाजी की थी. इस दौरान उन्होंने केवल नौ रन खर्च किए थे, जो कि मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ. 

महज पांच की इकॉनमी रेट से खर्च किए रन 

मैच के दौरान हेजलवुड काफी किफायती रहे. टीम के लिए उन्होंने कुल चार ओवरों की गेंदबाजी की. इस बीच 5.00 की इकॉनमी रेट से केवल 20 रन खर्च किए. इस बीच उन्हें निकोलस पूरन (01) के रूप में बड़ी भी सफलता हाथ लगी. पूरन को उन्होंने बोल्ड करते हुए पवेलियन का रास्ता दिखाया. इन्हीं दोनों प्रमुख वजहों की वजह से पिछले मुकाबले में उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. 

यह भी पढ़ें- IPL 2026: सबसे बड़ा धुरंधर हुआ फिट, अब विपक्षी टीमों की खैर नहीं, CSK बन सकती है स्टार का सबसे पहला शिकार!

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com