विज्ञापन

IPL 2026: सबसे बड़ा धुरंधर हुआ फिट, अब विपक्षी टीमों की खैर नहीं, CSK बन सकती है स्टार का सबसे पहला शिकार!

पैट कमिंस पूरी तरह से फिट हो गए हैं और जल्द ही आईपीएल में धूम मचाते हुए नजर आएंगे. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस को गेंदबाजी करने की अनुमति दे दी है.

IPL 2026: सबसे बड़ा धुरंधर हुआ फिट, अब विपक्षी टीमों की खैर नहीं, CSK बन सकती है स्टार का सबसे पहला शिकार!
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने पैट कमिंस को गेंदबाजी करने की अनुमति दी

क्रिकेट के गलियारों से बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही है. ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) पूरी तरह से फिट हो गए हैं और जल्द ही आईपीएल (IPL 2026) में धूम मचाते हुए नजर आएंगे. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (Cricket Australia) ने पैट कमिंस को गेंदबाजी करने की अनुमति दे दी है. वह आगामी शुक्रवार को सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) की टीम के साथ जुड़ जाएंगे. 32 वर्षीय कमिंस टूर्नामेंट की शुरुआत में ही टीम के साथ जुड़ गए थे. मगर अपनी पुरानी चोट (स्ट्रेस इंजरी) के फॉलो-अप स्कैन के लिए उन्हें दोबारा ऑस्ट्रेलिया लौटना पड़ा था. अब जब वहां उनका स्कैन अच्छी तरह से हो गया है तो वह दोबारा टीम के साथ जुड़ने के लिए तैयार हैं. 

18 अप्रैल को सीएसके के साथ भिड़ेंगी हैदराबाद

आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत चेन्नई सुपर किंग्स के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला हैदराबाद स्थित राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा. देखने वाली बात है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की तरफ से अनुमति मिलने के बाद कमिंस इस मुकाबले में शिरकत करते हैं या नहीं. फिलहाल उनकी गैरमौजूदगी में हैदराबाद की कमान युवा बल्लेबाजी ईशान किशन के हाथों में है.

आईपीएल के आगाज से पहले कमिंस ने दिया था बड़ा बयान 

सीजन शुरू होने से पहले कमिंस ने कहा था कि अगर सब कुछ ठीक रहा, तो उन्हें आईपीएल के दूसरे हाफ में खेलने की उम्मीद है. कमिंस ने कहा था, 'मैंने फिर से गेंदबाजी शुरू कर दी है. फिलहाल मैं हर तीसरे दिन गेंदबाजी कर रहा हूं. हमने एक ऐसा प्लान बनाया है, जिससे टूर्नामेंट के बीच तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊंगा. इसी कारण मुझे उम्मीद है कि अगर कुछ भी गड़बड़ी नहीं हुई, तो मैं टूर्नामेंट के दूसरा हाफ और प्लेऑफ के मुकाबले खेलूंगा.'

कमिंस 27 मार्च को भारत आए थे. हालांकि, वह 2 अप्रैल को एक बार फिर ऑस्ट्रेलिया रवाना हो गए थे. कमिंस अगर पूरी तरह से फिट होकर टीम से जुड़ते हैं, तो यह एसआरएच के लिए राहत भरी खबर होगी. 

कुछ खास नहीं है हैदराबाद का हाल

सनराइजर्स हैदराबाद का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक मिलाजुला रहा है. ईशान किशन की कप्तानी में टीम ने 5 मैच खेले हैं, जिसमें से 2 मुकाबलों में टीम को जीत मिली है, जबकि 3 में एसआरएच को हार का सामना करना पड़ा है. आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को 57 रनों से हराया था. ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 91 रनों की दमदार पारी खेली थी.

वहीं, आईपीएल के अपने डेब्यू मुकाबले में प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए एसआरएच की ओर से चार-चार विकेट चटकाए थे. हिंगे ने 4 ओवर में 34 रन बनाकर 4 विकेट निकाले थे, तो साकिब ने 24 रन देकर चार विकेट झटके थे. (आईएएनएस इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- MI vs PBKS: मुंबई या पंजाब, किसका पलड़ा है भारी, पिच क्या खिलाएगी गुल? जानें दोनों टीमों की परफेक्ट प्लेइंग XI!
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com