काउंटी चैम्पियनशिप डिवीजन वन का 52वां मुकाबला दो सितंबर से चार सितंबर के बीच यॉर्कशायर और सरे के बीच द ओवल में खेला गया. जहां सरे की टीम रोमांचक मुकाबले में एक विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही. मैच के दौरान एक ऐसी घटना देखने को मिली. जिसे देख हर कोई हंसने पर मजबूर हो गया. सरे की दूसरी पारी के दौरान जब यॉर्कशायर के तेज गेंदबाज ने एक गुड लेंथ बॉल बाएं हाथ के बल्लेबाज के सामने डाली. उस दौरान बल्लेबाज को यह बॉल बिल्कुल समझ में नहीं आई. परिणाम यह रहा कि गेंद उन्हें छकाते हुए विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो के दस्तानों में समां गई. यहां तक तो सब कुछ ठीक था. मगर इसके बाद जो हुआ वह हर किसी के लिए हैरानी वाली बात रही. बेयरस्टो ने गेंद पकड़ने के बाद सामान्य अंदाज में पीछे तैनात फर्स्ट स्लिप की दिशा में बॉल को उछाल दिया. मगर यहां फर्स्ट स्लिप का फील्डर तैयार नहीं था. जिसके बाद ये हुआ कि गेंद उनके संवेदनशील हिस्से (ग्रोइन) से जा टकराई. उसके बाद उन्हें मैदान में दर्द से कराहते हुए पाया गया.
बेयरस्टो भी हंसने पर हो गए मजबूर
इस हादसे के बाद बेयरस्टो भी हंसने पर मजबूर हो गए. उन्हें बीच मैदान में मुंह पर हाथ रखकर हंसते हुए देखा गया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. यह घटना एक बार फिर से याद दिलाती है कि फील्डरों को मैदान में हमेशा चौकन्ना रहना चाहिए. क्योंकि एक छोटी सी भी चूक अप्रत्याशित स्थिति पैदा कर सकती है.
Jonny Bairstow 🤣 pic.twitter.com/EdFuLBzPRg
— Out Of Context Cricket (@GemsOfCricket) September 5, 2026
सरे को मिली जीत
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो ओवल में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए यॉर्कशायर की टीम पहली पारी में 185 रन बनाने में कामयाब हुई थी. जिसके बाद बल्लेबाजी के लिए उतरी सरे की टीम अपनी पहली पारी में महज 83 रनों पर ही ढेर हो गई. मगर दूसरी पारी में यॉर्कशायर का भी हाल बेहाल रहा. टीम 82 रनों पर ऑल आउट हो गई. जिसके बाद जीत के लिए मिले 187 रनों के लक्ष्य को सरे की टीम ने नौ विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और एक विकेट से जीत हासिल करने में कामयाब रही.
यह भी पढ़ें- 'शमी भाई अब ऑलराउंडर हैं', फिर खुद ही हंस पड़े ईशान, किशन ने खोले टीम के कई अंदरूनी राज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं