विज्ञापन

टॉम लैथम का शिकार कर जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, टेस्ट करियर में पहली बार किया ये खास कारनामा

भारतीय दिग्गज जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में दूसरी बार विरोधी टीम के कप्तान टॉम लैथम का पहले ही ओवर में शिकार कर एक खार रिकॉर्ड लिस्ट में जगह बनाई.

टॉम लैथम का शिकार कर जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, टेस्ट करियर में पहली बार किया ये खास कारनामा
टॉम लैथम का शिकार कर जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास

वेलिंगटन टेस्ट के चौथे दिन के दूसरे सेशन में जसप्रीत बुमराह ने जैसे ही टॉम लैथम का शिकार किया, वैसे ही उन्होंने एक खास रिकॉर्ड लिस्ट नें जगह बनाई. भारत ने अपनी पहली पारी में 9 विकेट पर 720 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके बाद बल्लेबाजी करने आई न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही, क्योंकि दूसरी ही गेंद पर बुमराह ने विरोधी टीम के कप्तान को ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट करवाया. इस मैच में बुमराह ने दूसरी बार विरोधी कप्तान का शिकार किया. यह बुमराह के करियर में पहली बार हुआ है, जब उन्होंने एक टेस्ट में दोनों पारियों में पहले ही ओवर में शिकार किया हो. भारत की तरफ से सबसे पहले यह कारनामा एस श्रीसंत ने किया था. उन्होंने 2006 में किंग्सटन में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह मुकाम हासिल किया था. जबकि ऐसा करने वाले दूसरे गेंदबाज जहीर खान थे, जिन्होंने मीरपुर में बांग्लादेश के खिलाफ यह किया था.

जसप्रीत बुमराह ने मैच में दूसरी बार न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम का विकेट लिया और भारत के पहली पारी के नौ विकेट पर 720 रन के जवाब में न्यूजीलैंड ने पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन चाय तक एक विकेट 33 रन पर गंवा दिया.  इससे पहले ऋषभ पंत (153 गेंद में 128 रन ) सेना (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, आस्ट्रेलिया ) देशों में टेस्ट शतक लगाने वाले छठे भारतीय बल्लेबाज और पहले एशियाई विकेटकीपर बन गए. उनसे पहले केएल राहुल यह कारनामा करने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बने. दोनों के शतकों की मदद से भारत ने पहली पारी में 352 रन की विशाल बढत हासिल कर ली.

भारत ने नौ विकेट पर 720 रन बनाये जो न्यूजीलैंड में किसी टीम का सर्वोच्च स्कोर है. बेसिन रिजर्व का विकेट राजकोट या रावलपिंडी की तरह लग रहा था. बुमराह ने जब नयी गेंद संभाली तो हरी भरी पिच भूरे रंग में बदल चुकी थी. खराब दौर से गुजर रहे लैथम ने बुमराह की गेंद पर विकेट के पीछे कैच थमाया. चाय के समय हेनरी निकोल्स (नाबाद 21) और डेवोन कोंवे (नाबाद 12) क्रीज पर थे. बुमराह के अलावा बाकी भारतीय गेंदबाजों को भी विकेट लेने वाली गेंदें डालनी होंगी. इस तरह की पिचों पर गेंदबाजों की ओर से अतिरिक्त प्रयास की जरूरत होती है.

इससे पहले अंशुल कम्बोज (41 गेंद में 38) ने कुछ अच्छे स्ट्रोक्स लगाये और पंत का बखूबी साथ दिया. दोनों ने 68 रन की साझेदारी की. पंत ने अपनी पारी में छह छक्के लगाये जिनमें से चार आज जड़े गए. इनमें काइल जैमीसन को लांग आन पर लगाया गया छक्का शामिल है जो उन्होंने एक घुटने को मोड़कर जड़ा था. गेंद बेसिन रिजर्व ग्राउंड की कार पार्किंग के पास जाकर गिरी.

ग्लेन फिलिप्स की गेंद पर पहले पंत ने रिवर्स स्वीप पर चौका लगाया और फिर छक्का लगाकर नौवां टेस्ट शतक पूरा किया. उन्होंने फिलिप्स को एक्स्ट्रा कवर पर भी छक्का जड़ा. लंच के समय तक पंत दस चौके और छह छक्के लगा चुके थे. भारत के लिये ध्रुव जुरेल ने 79 गेंद में 78 रन बनाये और पंत के साथ 75 रन की साझेदारी की. जुरेल के स्टम्प आउट होने पर भारत ने पहली पारी घोषित की.

यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने सिक्स लगाकर पूरा किया शतक, सुनील गावस्कर का कमेंट्री बॉक्स में दिखा मजेदार रिएक्शन!

यह भी पढ़ें: 148 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार, भारत ने रचा अनोखा रिकॉर्ड, पहले 7 विकेट के लिए हुईं 50+ रन की साझेदारिया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket, Jasprit Jasbirsingh Bumrah
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com