केएल राहुल और ऋषभ पंत के शानदार शतकों के दम पर भारत ने वेलिंगटन टेस्ट में अपनी पहली पारी 720/9 के विशाल स्कोर पर घोषित की. यह न्यूज़ीलैंड की धरती पर किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है. चौथे दिन के दूसरे सत्र में ध्रुव जुरेल के आउट होते ही कप्तान शुभमन गिल ने पारी घोषित करने का फैसला किया. न्यूज़ीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे, जिससे भारत को पहली पारी के आधार पर 352 रन की बड़ी बढ़त हासिल हुई. मेहमान टीम ने इस मैच में अपने बल्लेबाजी के दम पर एक ऐसा रिकॉर्ड भी बनाया है, जो टेस्ट इतिहास के 148 सालों में कभी नहीं हुआ था.
ब्लैक कैप्स के खिलाफ इस मैच में भारतीय टीम ने पहले सात विकेटों के लिए 50 या उससे अधिक रन की साझेदारियां कीं. टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि किसी टीम ने अपनी पारी के शुरुआती सातों विकेटों के लिए 50+ रन की साझेदारी निभाई हो. भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार सामूहिक प्रदर्शन करते हुए यह अनोखा विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया.
इसके अलावा टीम इंडिया टेस्ट इतिहास की ऐसा पहली टीम भी बन गई है, जिसने दो अलग-अलग मौकों पर सात 50 से अधिक रनों की साझेदारियां की हो. इससे पहले भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ 2007 में आठ 50+ साझेदारी की थी.
टेस्ट की एक पारी में सर्वाधिक 50+ साझेदारी
- 8 - भारत बनाम इंग्लैंड, द ओवल, 2007 (पूरी पारी में 8, 50+ साझेदारियां हुईं)
- 7 - ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड, सिडनी, 2025/26
- 7 - भारत बनाम न्यूजीलैंड, वेलिंगटन, 2026 (शुरुआती सात विकटों के लिए 50+ साझेदारियां हुईं)
सबसे पहले जायसवाल और केएल राहुल के बीच पहले विकेट के लिए 130 रनों की ओपनिंग साझेदारी हुई. इसके बाद पडिक्कल और केएल राहुल ने दूसरे विकेट के लिए 165 रन जोड़े. गिल और राहुल ने तीसरे विकेट के लिए 91 रन बटोरे. गिल ने इसके बाद पंत के साथ चौथे विकेट के लिए 100 रवों की साझेदारी की. इसके बाद पंत ने एक छोर संभाला और पहले उन्होंने अंशुल कंबोज के साथ 68 और उसके बाद ध्रुव जुरेल के साथ 75 रनों की साझेदारी की. इसके बाद सुंदर और ध्रुव जुरेल ने 54 रनों की साझेदारी की.
बात अगर मुकाबले की करें तो भारत ने चौथे दिन की शुरुआत 4 विकेट पर 486 रन से की. ऋषभ पंत ने 55 रन और नाइट वॉचमैन के रूप में आए अंशुल कंबोज ने 0 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई. दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की. कंबोज 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद पंत और वाशिंगटन सुंदर के बीच छठे विकेट के लिए 75 रन की साझेदारी हुई. पंत ने छठे विकेट के रूप में आउट होने से पहले अपना 9वां टेस्ट शतक लगाया. वह 153 गेंदों पर 6 छक्कों और 10 चौकों की मदद से 128 रन बनाकर आउट हुए.
पंत के आउट होने के बाद ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला और 79 गेंदों पर 1 छक्के और 7 चौकों की मदद से 78 रन बनाकर भारतीय पारी को 720 के स्कोर तक पहुंचाया. जुरेल 9वें विकेट के रूप में 720 के स्कोर पर आउट हुए. उनके आउट होते ही भारतीय कप्तान गिल ने पारी घोषित कर दी. सुंदर ने 24 और आकाशदीप ने 13 रन बनाए. जसप्रीत बुमराह 7 रन बनाकर नाबाद रहे. इससे पहले केएल राहुल ने 136, शुभमन गिल ने 98, यशस्वी जायसवाल ने 85 और देवदत्त पडिक्कल ने 80 रन की पारी खेली थी.
यह भी पढ़ें: छक्का मारकर ऋषभ पंत ने पूरा किया ऐतिहासिक शतक, सभी 4 SENA देशों में सेंचुरी लगाने वाले पहले एशियाई विकेटकीपर
यह भी पढ़ें: ऋषभ पंत नंबर-2, गिलक्रिस्ट से आगे ब्रेंडन मैक्कुलम, टेस्ट में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं