- नेपाल के PM बालेन शाह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत की राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली आएंगे
- बालेन शाह का यह पहला विदेशी दौरा है जो 25 घंटे का होगा और 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल के साथ होगा
- नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्रियों की भारत यात्रा की परंपरा 1990 के दशक से चली आ रही थी लेकिन कुछ बदलाव भी हुए हैं
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज नई दिल्ली पहुंचेंगे. नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 से 23 नवंबर नेपाल के पीएम बालेन शाह भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. बताया जा रहा है कि बालेन शाह 25 घंटे नई दिल्ली में रुकेंगे. विदेश सचिव के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह के नेतृत्व में 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल इस उच्च-स्तरीय दौरे के लिए काठमांडू से नई दिल्ली के लिए पहुंचेगा.
टूटी परंपरा जोड़ेंगे बालेन शाह
ये बालेन शाह का पहला विदेशी दौरा है. ये दौरा कई मायनों में खास होगा.भारत और नेपाल के रिश्ते सदियों पुराने हैं. नेपाल के लोग माता सीता को नेपाल का ही मानते हैं. मान्यता है कि नेपाल का जनकपुर राजा जनक की नगरी और मिथिला की राजधानी हुआ करती थी. धीरे-धीरे ये रिश्ता रोजगार से जुड़ा और इसीलिए इसे रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाने लगा. नेपाल में 1990 के दशक में बहुदलीय लोकतंत्र की बहाली के बाद वहां के सभी प्रधानमंत्री अपना सबसे पहला विदेशी दौरा भारत का करते थे.
मगर, 2008 में राजशाही खत्म होने के बाद इसमें हल्का बदलाव आया. माओवादी नेता पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' प्रधानमंत्री बनने के बाद भारत के बजाय सबसे पहले चीन गए. प्रचंड बीजिंग में आयोजित 2008 ग्रीष्मकालीन ओलंपिक के समापन समारोह में भाग लेने गए थे. हालांकि, उन्होंने इसे 'बहुपक्षीय/गैर-आधिकारिक' यात्रा बताते हुए बाद में सितंबर 2008 में अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा भारत की ही की थी.
प्रचंड के बाद भी ये परंपरा जारी रही. मगर, औपचारिक और पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा के संदर्भ में यह परंपरा दिसंबर 2024 में टूटी, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दोबारा सत्ता में आने के बाद भारत के बजाय अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा के लिए चीन को चुना. अब बालेन शाह ने उस परंपरा को फिर से बहाल कर दिया है.
बालेन शाह के दौरे में एक खास बात
हालांकि, बालेन शाह के दौरे में एक खास बात है. अब तक नेपाल के प्रधानमंत्री भारत दौरे पर कम से कम तीन दिन के लिए आते थे. ओली तो 2016 में सात दिन के भारत दौरे पर आए थे. मगर, बालेन शाह महज 25 घंटे के लिए भारत आ रहे हैं. अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री शाह सोमवार को अपने भारतीय समकक्ष, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल-स्तर की बैठक करेंगे. प्रतिनिधिमंडल-स्तर की बातचीत के बाद, दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से ऊर्जा से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे.
कई समझौतों का हो सकता है ऐलान
साथ ही, दोनों पक्षों के बीच सहयोग के विभिन्न पहलुओं से जुड़े द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और उनका आदान-प्रदान होगा. प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद, प्रधानमंत्री शाह और प्रधानमंत्री मोदी एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. इसके बाद, भारतीय प्रधानमंत्री नेपाल के प्रधानमंत्री के सम्मान में दोपहर के भोज (लंच) का आयोजन करेंगे. अपनी आधिकारिक यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे. नेपाली प्रधानमंत्री राजघाट स्थित महात्मा गांधी स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और वहां पुष्प चक्र भी रखेंगे. इसके अलावा, वे 'नेपाल-भारत बिजनेस फोरम' में भी शामिल होंगे, जिसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापारिक और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है. माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच कई मुद्दों पर पहले ही सहमति बन चुकी है और बालेन शाह की यात्रा में इसका ऐलान हो सकता है.
यह भी पढ़ें | खुल गई चीन की पोल, ऑपरेशन सिंदूर में क्यों दिया था पाकिस्तान का साथ? अमेरिकी रिपोर्ट में हुआ खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं