भारतीय टीम के स्टार क्रिकेटर ईशान किशन शुक्रवार यानी की आज झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे. जहां उन्होंने विधि-विधान के साथ पूजा अर्चना की. इस दौरान उन्होंने अपने उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की. यहीं नहीं मीडिया से हुई बातचीत के दौरान उन्होंने वैभव सूर्यवंशी के खेल को भी खूब सराहा. उन्होंने कहा कि बहुत दिनों बाद भारतीय टीम को वैभव सूर्यवंशी जैसा खिलाड़ी मिला है.
ईशान किशन का बयान
किशन से जब सवाल किया गया कि बाबा सबकी मनोकामना पूर्ण करते हैं. आगे की सीरीज के लिए क्या कुछ खास प्लान है? तो उन्होंने जवाब में कहा, 'मैं जो कामना किया हूं, वो आपको कैसे बताऊं. हम तो दिल से यहां आते हैं. मन हमारा भगवान में रहता है. बस साफ मन से आ जाता हूं.'
पत्रकार ने जब भविष्य को लेकर सवाल किया तो उन्होंने कहा, 'बाबा पार करा देंगे. अभी तक पार कराते आए हैं. आगे भी करा देंगे. जब कोई बड़ा काम होता है तभी मैं यहां नहीं आता हूं. मुझे जब भी ऊपर से बुलावा आता है तो मैं आ जाता हूं. मैं कुछ सोचकर नहीं आता हूं कि कोई बड़ा मैच है तो आ जाऊं मांगने के लिए. कभी-कभी मांगने से ज्यादा बस शुक्रिया करना ज्यादा अच्छा होता है.'
एक अन्य पत्रकार ने जब सवाल किया कि आपका जो परफॉर्मेंस है. उससे आप खुश हैं? इस सवाल के जवाब में किशन ने मुस्कुराते हुए कहा, 'सर मंदिर में आपने क्रिकेट ला दिया.' उन्होंने कहा, 'हमारा काम है मेहनत करना. बाकी भगवान सहायता कर देंगे जहां हम लोग फंसेंगे.'
किशन के सामने तीसरा सवाल किया गया कि आप झारखंड टीम के कप्तान हैं. मगर आप बिहार से आते हैं. मौजूदा समय में वैभव सूर्यवंशी बहुत अच्छा कर रहे हैं. हाल ही में उन्होंने दोहरा शतक लगाया है. उनके बारे में आपका क्या कहना है? जवाब में किशन ने कहा, 'वो तो हम सबको पता है कि वह स्पेशल टैलेंट है. ऐसा खिलाड़ी काफी दिनों बाद आया है जो काफी यंग है और लगातार मार रहा है. इंडिया के लिए बहुत अच्छा है कि ऐसा क्रिकेटर मिला है जो पब्लिक का खूब मनोरंजन कर रहा है. हम लोगों को खुद मजा आता है उसको बल्लेबाजी करते हुए देखकर. बस ऐसे ही करता रहे वह. खूब ऊपर जाए और जल्द ही यहां आकर दर्शन कर ले.'
यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड में गली क्रिकेट खेलने उतरे ऋषभ पंत, 21 गेंदों में ठोक दिए 54 रन, विरोधी खिलाड़ी पहचान भी नहीं पाए, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं