भारत को टिम सीफर्ट को शुरू में ही जीवनदान देना महंगा पड़ा क्योंकि इस सलामी बल्लेबाज ने इसका पूरा फायदा उठाकर 50 गेंद पर 93 रन की तूफानी पारी खेली जिससे न्यूजीलैंड ने रविवार को यहां खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दो ओवर शेष रहते हुए सात विकेट से जीत दर्ज की. भारत पहले तीन मैच जीतकर पांच मैच की सीरीज में अजेय बढ़त हासिल कर चुका था. इस तरह से उसने सीरीज 3-2 से अपने नाम की.
सीफर्ट जब 13 रन पर खेल रहे थे तब नमन धीर ने उनका आसान कैच टपका दिया. उन्होंने इसके बाद 11 चौकों और पांच छक्कों से सजी अपनी पारी से भारतीय गेंदबाजों को पस्त किया. ग्लेन फिलिप्स ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 38 गेंद पर नाबाद 65 रन बनाए जिससे न्यूजीलैंड ने 18 ओवर में तीन विकेट पर 195 रन बनाकर चार नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले मनोबल बढ़ाने वाली जीत दर्ज की.
ईशान-अय्यर की साझेदारी
भारत ने श्रृंखला में पहली बार टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान श्रेयस अय्यर (23 गेंद पर 50, तीन चौके, चार छक्के) और ईशान किशन (32 गेंद पर 61, पांच चौके, पांच छक्के) के बीच 107 रन की साझेदारी की मदद से आठ विकेट पर 191 रन बनाए. भारत को अपेक्षाकृत कम स्कोर पर रोकने में एडम मिल्ने ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर चार विकेट लिए. नाथन स्मिथ और ब्लेयर टिकनर ने दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया.
अर्शदीप सिंह ने फिन एलन को जल्द ही चलता कर दिया. उन्हें अपने अगले ओवर में सीफर्ट का विकेट भी मिल जाता लेकिन नमन ने उन्हें जीवनदान दिया. उन्होंने इसका जश्न छक्का लगाकर मनाया.
डेरिल मिचेल (16 गेंद पर 29, चार छक्के) ने प्रिंस यादव का स्वागत लगातार दो छक्के लगाकर किया जबकि सीफर्ट ने पावर प्ले के आखिरी ओवर में भुवनेश्वर पर दो चौके और दो छक्के लगाकर 20 रन बटोरे. न्यूजीलैंड ने इस तरह से पावर प्ले में एक विकेट पर 59 रन बनाए.
शतक से चूके टिम सीफर्ट
सीरीज में अपना पहला मैच खेल रहे स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने मिचेल को आउट करके सीफर्ट के साथ उनकी 73 रन की साझेदारी तोड़ी. सीफर्ट ने नीतीश कुमार रेड्डी पर छक्का लगाकर 34 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया. नितीश ने सीफर्ट को बोल्ड करके उन्हें अपने करियर का पहला शतक नहीं बनाने दिया लेकिन तब तक वह फिलिप्स के साथ मिलकर टीम को जीत के करीब पहुंचा चुके थे. इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की.
फिलिप्स ने अर्शदीप पर चौका लगाकर 29 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए. फिलिप्स ने इस सीरीज में 341 रन बनाए जो किसी द्विपक्षीय सीरीज में सर्वाधिक रन का नया रिकॉर्ड है. इससे पहले भारतीय पारी तीन चरणों में गुजरी. उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन बीच के ओवरों में उसने तेजी से रन बनाए और डेथ ओवरों में फिर से कुछ खास नहीं कर पाए.
भारत ने महज 19 रन पर सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के विकेट गंवा दिए थे. इन दोनों को मिल्ने ने पवेलियन की राह दिखाई. किशन ने थोड़ी धीमी शुरुआत की और पहली 11 गेंदों में केवल 13 रन बनाए, लेकिन एक बार लय में आने के बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा.
तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ की गेंद पर लॉन्गऑफ पर चौका और ब्लेयर टिकनर की गेंद पर प्वाइंट के ऊपर से छक्का जड़कर उन्होंने अपना आक्रामक रवैया दिखाया. वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 में अपना पहला शतक लगाने के बाद अय्यर कुछ खास नहीं कर पाए थे. उन्होंने स्मिथ की गेंद पर छक्का लगाकर शुरुआत की और इसके बाद भी कुछ दर्शनीय शॉट लगाए. उन्होंने ऑफ स्पिनर माइकल ब्रैसवेल पर लगातार 6, 4, 6 रन बनाए. इसमें आखिरी छक्का 100 मीटर की दूरी तक गया.
किशन ने ब्रेसवेल की गेंद पर छक्का लगाकर 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि 40 रन पर जीवनदान पाने वाले अय्यर ने भी जल्द ही उनका अनुसरण करते हुए स्मिथ की गेंद पर चौका लगाकर 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.
लेकिन न्यूजीलैंड ने ठीक उसी समय वापसी की और टिकनर ने 11वें ओवर में किशन को स्मिथ के हाथों कैच करा दिया. इसके अगले ओवर में स्मिथ ने अय्यर को आउट किया. उन्होंने पुल करने के प्रयास में विकेटकीपर सीफर्ट को कैच दिया. इसके बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई क्योंकि तिलक वर्मा (06), नमन धीर (33) और नीतीश (22) बड़ा स्कोर नहीं बना पाए. लगातार विकेट गिरने के कारण भारत 14वें और 20वें ओवर के बीच केवल 57 रन ही बना सका.
यह भी पढ़ें: हरियाणा की बेटी ने इतिहास रचा तो सिर्फ मां-बाप नाचे? सामने आई पूरे गांव में जश्न की हकीकत
यह भी पढ़ें: फिलिप्स बने रन मशीन, अभिषेक नंबर-2, एलन से आगे निकले नमन धीर, T-20 सीरीज के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं