विज्ञापन

VIDEO: अब यहां से मैच जीतना मुश्किल है... उसके बाद जो रिंकू ने किया, वो इतिहास बन गया

विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की शुरुआत खराब रही. दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन चलते बने. मगर आखिरी में जो रिंकू सिंह ने किया वह इतिहास बन गया.

VIDEO: अब यहां से मैच जीतना मुश्किल है... उसके बाद जो रिंकू ने किया, वो इतिहास बन गया
Rinku Singh

आईपीएल 2026 के आगाज में अब गिनती के महज तीन दिन शेष रह गए हैं. प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का आगाज हो, उससे पहले बात करें उस मुकाबले के बारे में जिसे देख फैंस आज भी रोमांचित हो जाते हैं, तो वह कोई और मुकाबला नहीं बल्कि कोलकाता नाईट राइडर्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया मुकाबला है. केकेआर और जीटी के बीच यह मैच 2023 में नौ अप्रैल को खेला गया था. अहमदाबाद में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी की टीम 20 ओवरों में 204/4 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए विजय शंकर सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 24 गेंदों में 262.50 की स्ट्राइक रेट से 63 रनों की नाबाद अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए साई सुदर्शन भी अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे. उन्होंने 38 गेंदों में 53 रनों का योगदान दिया. इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा शुभमन गिल ने 31 गेंदों में 39 रन बनाए. 

केकेआर की शुरुआत रही खराब 

विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की शुरुआत खराब रही. दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन चलते बने. रहमानुल्लाह गुरबाज (15) को मोहम्मद शमी ने जबकि, नारायण जगदीसन (06) को जोश लिटिल ने आउट किया. हालांकि, इसके बाद क्रीज पर आए वेंकटेश अय्यर (83) और नितिश राणा (45) ने पारी को बखूबी संभाला. मगर 128 रन के योग पर राणा भी आउट हो गए. यही नहीं 154 रन के योग पर अय्यर का भी धैर्य जवाब दे गया. जिसके बाद टीम संकट में घिर गई. 

केकेआर ने लगातार गंवाए विकेट

अय्यर के आउट होने के बाद केकेआर की टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए. आंद्रे रसेल दो गेंद में एक और सुनील नरेन एवं शार्दुल ठाकुर बिना खाता खोले आउट हो गए. जिसके बाद टीम के ऊपर हार का संकट मंडराने लगा. हाल यह हो गया कि टीम को आखिरी ओवर में 29 रनों की दरकार थी, जो कि असंभव नजर आ रहा था. मगर यहां से रिंकू सिंह ने जो किया वह इतिहास बन गया. 

रिंकू सिंह ने केकेआर को दिलाई जीत 

आखिरी ओवर में रिंकू सिंह का कमाल देखने को मिला और केकेआर की टीम जीत गई. विपक्षी टीम की तरफ से पारी का आखिरी ओवर यश दयाल डाल रहे थे. उनके इस ओवर की पहली गेंद पर उमेश यादव ने लॉन्ग ऑन की ओर धकेलकर रिंकू को सिंगल दिया. यहां से फिर उनका धमाल देखने को मिला. उन्होंने दूसरी, तीसरी, चौथी, पांचवीं और छठी गेंद पर लगातार छक्के लगाए और हारी हुई बाजी को केकेआर की झोली में डाल दिया. 

यह भी पढ़ें- आखिरी ओवर में जीत के लिए धोनी को बनाने थे 18 रन, CSK vs PBKS के बीच IPL का ये मैच याद है आपको? VIDEO

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com