विज्ञापन

SRH vs LSG: एसआरएच या एलएसजी, किसका पलड़ा है भारी? मैच के दौरान बारिश बन सकती है विलेन

एलएसजी को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 65 रनों से हराया था.

SRH vs LSG: एसआरएच या एलएसजी, किसका पलड़ा है भारी? मैच के दौरान बारिश बन सकती है विलेन
Ishan Kishan And Rishabh Pant

आईपीएल 2026 के 10वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की भिड़ंत रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. एलएसजी को टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था. वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को 65 रनों से हराया था. आईपीएल 2026 में एसआरएच ने अब तक कुल 2 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से एक में टीम को जीत मिली है जबकि एक में सनराइजर्स हैदराबाद को हार का सामना करना पड़ा है. केकेआर के खिलाफ अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की जोड़ी शानदार लय में दिखाई दी थी. हेड ने 21 गेंदों में 46 रनों की दमदार पारी खेली थी, तो अभिषेक ने 21 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्कों की मदद से 48 रन बनाए थे. वहीं, हेनरिक क्लासन ने 35 गेंदों में 52 रनों का योगदान दिया था.

नीतीश कुमार रेड्डी भी अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 24 गेंदों में 39 रन बनाने के साथ-साथ दो विकेट भी अपने नाम किए थे. नीतीश को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी चुना गया था. गेंदबाजी में एसआरएच की ओर से जयदेव उनादकट ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 21 रन देकर 3 विकेट निकाले थे जबकि ईशान मलिंगा ने 14 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे.

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था. टीम का बल्लेबाजी क्रम बुरी तरह से फेल रहा था. अब्दुल समद ने टीम की तरफ से सर्वाधिक 36 रन बनाए थे जबकि मिचेल मार्श ने 28 गेंदों में 35 रनों का योगदान दिया था. कप्तान ऋषभ पंत बतौर सलामी बल्लेबाज भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके थे. वहीं, एडेन मार्करम और निकोलस पूरन का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा था. हालांकि, गेंदबाजी में मोहम्मद शमी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 28 रन देकर एक विकेट निकाला था. वहीं, प्रिंस यादव ने भी 20 रन लेकर दो विकेट चटकाए थे. लखनऊ सुपर जायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल में अब तक कुल 6 मुकाबले खेले गए हैं. इसमें से एलएसजी ने 4 मुकाबले जीते हैं जबकि एसआरएच को 2 मुकाबलों में जीत नसीब हुई है.

राजीव गांधी क्रिकेट स्टेडियम को बल्लेबाजों के मुफीद माना जाता है। इस ग्राउंड पर जमकर चौके-छक्के लगते हैं और बड़े टोटल बनते हैं. राजीव गांधी स्टेडियम का पहली पारी में औसतन स्कोर 230 रन रहा है, जबकि दूसरी पारी का औसत स्कोर 186 रन है. एक्यूवेदर के अनुसार, एसआरएच और एलएसजी के बीच होने वाले इस मुकाबले में बारिश विलेन साबित हो सकती है. रविवार को बारिश होने की आशंका 85 प्रतिशत है. अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

यह भी पढ़ें- आर्चर से 19वां ओवर करवाने का सुझाव किसने दिया? जीत मिलते ही कैप्टन पराग ने सबसे बड़े धुरंधर का नाम किया उजागर

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com