Rahul Dravid on Vaibhav Sooryavanshi: इन दिनों इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में अपने सुनामी अंदाज से चर्चा का विषय बने सुपर किड वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) का कल वीरवार को श्रीलंका दौरे के लिए भारत 'ए' टीम में चयन हुआ, तो यह लेफ्टी बल्लेबाज एक बार फिर से चर्चा के केंद्र में आ गया. वैभव वैसे साल 2025 में दोहा में खेले गए राइजिंग स्टार्स एशिया कप में भी भारत ए के लिए खेल चुके हैं. और अब भारत के पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने वैभव सूर्यवंशी (Dravid on Vaibhav) के एक शीर्ष स्तर के पेशेवर के रूप में बढ़ते कद की जमकर तारीफ की है, जिन्होंने अपने दूसरे आईपीएल सीजन में ही अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों को सतर्क कर दिया है. द्रविड़ राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच थे जब टीम ने नवंबर 2024 में आईपीएल 2025 सीजन से पहले 13 वर्षीय सूर्यवंशी को 1.10 करोड़ रुपये में खरीदा था.
इस सीजन में बिहार की इस प्रतिभा ने अपने पिछले साल के कारनामे और स्तर को इस बार और ऊंचा किया है. और वह सबसे विध्वसंसक सलामी बल्लेबाज के रूप में उभरे हैं.वैभव ने केवल 12 पारियों में 400 से अधिक रन और 40 छक्के जड़े हैं. सूर्यवंशी ने अपने शॉट्स के दायरे का विस्तार किया है और जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड, पैट कमिंस और अन्य दिग्गजों के खिलाफ जमकर रन बनाए हैं. हालांकि द्रविड़ अब रॉयल्स फ्रेंचाइजी से अलग हो चुके हैं, लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान ने सूर्यवंशी की इस तेज़ प्रगति को देखकर अपनी खुशी साझा की.
'द विजडन स्कूप' पॉडकास्ट पर द्रविड़ ने कहा, 'मेरा मतलब है कि वह एक बहुत ही विशेष प्रतिभा है. इसमें कोई शक नहीं है. मुझे लगता है कि हम इस पर बात करते रह सकते हैं. मुझे लगता है कि वैभव के बारे में जो कुछ भी कहने की जरूरत थी, वह हर कोई पहले ही कह चुका है. एक युवा लड़के को दुनिया के कुछ बेहतरीन खिलाड़ियों का सामना करते हुए और इतनी सफलतापूर्वक करते हुए देखना अविश्वसनीय है.' द्रविड़ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के तेज गेंदबाजों की स्थिति पर चुटकी लेते हुए मैच के दिनों से पहले एक 15 साल के लड़के के लिए तैयारी करने की असामान्य स्थिति को साझा किया.
द्रविड़ ने हंसते हुए कहा, 'वास्तव में, कुछ मायनों में मुझे यकीन है कि इनमें से बहुत से अनुभवी विश्व स्तरीय गेंदबाज अपनी टीम मीटिंग में जा रहे होंगे और सोच रहे होंगे, 'हे भगवान, हमें एक 15 साल के बच्चे के बारे में सोचना पड़ रहा है. मैं उन विचारों की कल्पना कर सकता हूं जो चल रहे होंगे.' द्रविड़ ने आगे कहा, 'मुझे यकीन है कि उन्होंने डेढ़ साल पहले कभी नहीं सोचा होगा कि हमें अपनी टीम मीटिंग में 15 साल के बच्चे पर चर्चा करने में काफी समय बिताना होगा. उनमें से कुछ तो आप पर हंसे भी होंगे. जो अभी तक वह करने में स्फल रहा है, वह अविश्वसनीय है. ऐसी प्रतिभा को देखना सुखद है. मुझे उम्मीद है कि वह वास्तव में आगे बढ़ेगा और उस स्पष्ट प्रतिभा को पूरा करेगा जो उसके पास है. वह पहले से ही इतने सारे लोगों के लिए बहुत खुशी ला रहा है और उम्मीद है कि वह ऐसा करना जारी रख सकता है.'
यह भी पढ़ें: T20 में छक्कों की सेंचुरी से लेकर पहली गेंद पर सिक्स तक...वैभव सूर्यवंशी के 15 वर्ल्ड रिकॉर्ड, दिग्गज भी छूटे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं