भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सेक्रेटरी देवाजीत सैकिया ने बुधवार को घोषणा की कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2027 सीजन के लिए नीलामी इस साल दिसंबर में गोवा में होगी. सैकिया ने कहा कि पिछले तीन सालों में सऊदी अरब, दुबई और अबू धाबी जैसे तीन इंटरनेशनल वेन्यू पर IPL नीलामी आयोजित करने के बाद, BCCI इस साल की नीलामी दिसंबर में गोवा में आयोजित करेगा.
15 से 16 दिसंबर की तारीखें तय
आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने कहा, 'हमने गोवा को फाइनल किया है. इसके लिए 15 से 16 दिसंबर की तारीखें तय हो सकती हैं.' पिछले तीन ऑक्शन दुबई, जेद्दा (मेगा ऑक्शन) और अबू धाबी में हुए थे. धूमल ने पहले कहा था कि ऑक्शन को भारत वापस लाने की कोशिश जान-बूझकर की गई थी. चूंकि यह एक मिनी ऑक्शन है, इसलिए यह एक दिन का ही इवेंट होगा.
मल्टी-डे मैच धर्मशाला से मोहाली शिफ्ट
एएनआई से बात करते हुए देवाजीत कहा, 'पिछले साल सऊदी अरब, दुबई और अबू धाबी जैसी तीन विदेशी जगहों पर IPL नीलामी आयोजित करने के बाद, इस साल हम इसे दिसंबर के महीने में गोवा में आयोजित करने जा रहे हैं.' इस बीच, इंडिया A महिला और ऑस्ट्रेलिया A महिला टीमों के बीच 29 सितंबर से 2 अक्टूबर तक होने वाला मल्टी-डे मैच धर्मशाला से मोहाली शिफ्ट कर दिया गया है. ऐसा लगातार बारिश के कारण आउटफील्ड और ग्राउंड की मौजूदा स्थिति को देखते हुए किया गया है.
बीसीसीआई की एक मीडिया रिलीज के अनुसार, यह मैच अब मोहाली के PCA IS बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज़ भी चल रही है. यह वेन्यू बदलाव पहले वनडे मैच के बाद किया गया है, जिसमें इंडिया A महिला टीम ने 236 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से जीत हासिल की थी.
इस बदलाव के बारे में बात करते हुए, BCCI सेक्रेटरी ने कहा कि यह फ़ैसला धर्मशाला में लगातार बारिश और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए लिया गया है, ताकि क्रिकेट गतिविधियाँ बिना किसी रुकावट के जारी रह सकें.
उन्होंने कहा, 'हमने हाल ही में आने वाले T20 मैचों को धर्मशाला से मोहाली शिफ्ट किया है क्योंकि धर्मशाला में मौसम की स्थिति क्रिकेट के लिए बहुत अच्छी नहीं है. वहां बहुत ज़्यादा बारिश हो रही है. धर्मशाला में लगातार बारिश के कारण, हमने तय किया कि मैचों को मोहाली शिफ्ट किया जाए ताकि मौसम की वजह से क्रिकेट गतिविधियों में कोई रुकावट न आए.'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं