IND vs SL: जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 सीरीज के बाद अब फैंस को भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज का बेसब्री से इंतजार है. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम एक बार फिर श्रीलंकाई सरजमीं पर जीत की कहानी लिखने उतरेगी. लेकिन जब भी भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज की बात होती है, क्रिकेट प्रेमियों के जेहन में 1997 का कोलंबो टेस्ट जरूर ताजा हो जाता है. यह वही मुकाबला था, जिसमें टीम इंडिया ने 537 रन बनाए, तीन बल्लेबाजों ने शतक जड़े, फिर भी जीत तो दूर, मैच पर पकड़ तक नहीं बना सकी. इसके बाद श्रीलंका ने ऐसा इतिहास रचा, जिसका रिकॉर्ड आज तक कोई टीम नहीं तोड़ पाई.
टीम इंडिया को 537 रन बनाकर भी नहीं मिली बढ़त
दरअसल, 2 अगस्त 1997 को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 537/8 पर पारी घोषित की. उस दौर में 500 से ज्यादा का स्कोर लगभग जीत की गारंटी माना जाता था. सचिन तेंदुलकर ने 143 रन, कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 126 रन और नवजोत सिंह सिद्धू ने 111 रन की शानदार पारियां खेलीं. तीन शतक के बाद भारतीय टीम ने जो स्कोर खड़ा किया उसके बाद टीम मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही थी.
जयसूर्या और महानामा ने बदल दी पूरी कहानी
लेकिन श्रीलंका की टीम ने उम्मीद से हटकर जवाब दिया. एक ऐसा स्कोर दिया जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. सलामी बल्लेबाज सनथ जयसूर्या ने 340 रन की ऐतिहासिक पारी खेली, जबकि रोशन महानामा ने 225 रन बनाए. दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 576 रन की रिकॉर्ड पार्टनरशिप कर भारतीय गेंदबाजों को पूरी तरह बेअसर कर दिया.
श्रीलंका ने बनाया टेस्ट इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर
जयसूर्या और महानामा की मैराथन पारियों के दम पर श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 952/6 पर घोषित की. यह टेस्ट क्रिकेट इतिहास का सबसे बड़ा टीम स्कोर है. लगभग तीन दशक बीतने के बाद भी दुनिया की कोई टीम इस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सकी है.
भारत का विशाल स्कोर भी पड़ गया छोटा
537 रन, तीन शतक और शानदार शुरुआत के बावजूद भारत मैच पर पकड़ नहीं बना पाया. श्रीलंका ने इतना बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया कि भारतीय टीम के लिए वापसी का कोई मौका नहीं बचा. आखिरकार मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन रिकॉर्ड बुक में श्रीलंका का नाम हमेशा के लिए दर्ज हो गया.
भारत और श्रीलंका का टेस्ट शेड्यूल
भारत का श्रीलंका दौरा 15 अगस्त से शुरू होकर 27 अगस्त तक चलेगा. इस दौरे में भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच खेले जाएंगे. पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (गॉल) में होगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट के लिए भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन*, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रित बुमरा*, मोहम्मद। सिराज, प्रिसिध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन.
ये भी पढ़िए- IND vs SL Test Series: भारत के लिए खुशखबरी, फिट हुआ खूंखार गेंदबाज, BCCI से मिली मिली हरी झण्डी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं