- इंडियन प्रीमियर लीग के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने 2010 में जान को खतरा बताते हुए भारत छोड़ दिया था.
- ललित मोदी ने बताया कि अंडरवर्ल्ड से जान से मारने की धमकियां मिलने के बाद पुलिस सुरक्षा भी हटा दी गई थी.
- प्रवर्तन निदेशालय के निर्देश पर उनका पासपोर्ट रद्द हुआ था, लेकिन दिल्ली उच्च न्यायालय ने उसे पुनः बहाल किया था
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी अब ब्रिटिश नागरिक बन चुके हैं. इस बीच उन्होंने भारत छोड़ने पर बड़ा बयान दिया है. ललित मोदी ने उन सुझावों को खारिज कर किया है जिसमें दावा किया गया था कि उन्होंने कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए भारत छोड़ा था. ललित मोदी ने दावा किया कि उनकी जान को खतरा था और इसलिए उन्होंने 2010 में देश छोड़ने का फैसला किया था. ललित मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी है. उन्हें भारत छोड़े हुए 16 साल का समय बीत गया है, जिस पर अब पहली बार प्रतिक्रिया सामने आई है. ललित मोदी को हाल ही में ब्रिटेन की नागरिता मिली है.
अंडरवर्ल्ड से मिल रही थी धमकियां: ललित मोदी
ललित मोदी ने अपने बयान में बड़ा खुलासा करते हुए कहा 'मुझे अंडरवर्ल्ड से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और इसलिए मैंने भारत छोड़ दिया था. यह घटना मेरी पुलिस सुरक्षा को बिना किसी पूर्व सूचना के हटाए जाने के तीन दिन बाद हुई थी. उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने भारत छोड़ा, तब उनके खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं थी. मोदी ने कहा कि मुंबई पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) को लिखे एक पत्र में इस बात की पुष्टि की थी कि केंद्रीय एजेंसियों से मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें सुरक्षा दी गई थी, क्योंकि उनकी जान को खतरा था.
पासपोर्ट विवाद पर भी ललित मोदी ने दिया बयान
ललित मोदी ने पासपोर्ट रद्द होने के मामले पर भी सफाई दी है. उनका कहना है कि जब प्रवर्तन निदेशालय के निर्देश पर मेरा भारतीय पासपोर्ट रद्द कर दिया गया, तो दिल्ली उच्च न्यायालय ने परिस्थितियों की जांच की और 2014 में मेरा पासपोर्ट बहाल कर दिया था. उन्होंने भारतीय मीडिया के एक वर्ग पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें ब्रिटिश नागरिकता मिलने पर ऐसे पेश किया गया जैसे वह आरोपों से भागे हुए व्यक्ति हैं, जिसे भारत वापस लाने की कोशिश कर रहा है. मोदी ने कहा इस तरह की रिपोर्टिंग का पूरा आधार ही झूठा है. मैं इस तरह की झूठी और मानहानि करने वाली रिपोर्टों के खिलाफ जहां तक संभव हो उचित कानूनी कार्रवाई करूंगा.
16 साल में कोई चार्जशीट दायर नहीं
बयान में सबसे बड़ा दावा यह किया कि भारत में किसी भी अदालत में 16 साल से अधिक समय से उनके खिलाफ कोई आरोपपत्र (चार्जशीट) दायर नहीं किया गया है. इन मामलों को लेकर मेरे खिलाफ किसी भी भारतीय अदालत में कोई आपराधिक मुकदमा नहीं चलाया गया है. बीसीसीआई के तत्कालीन सचिव एन. श्रीनिवासन की शिकायत के बाद अक्टूबर 2010 में चेन्नई में एक FIR दर्ज की गई थी. मोदी के मुताबिक वह शिकायत बदले की भावना से की गई थी. उनका आरोप है कि इसका मकसद उन्हें आईपीएल से हटाना था, क्योंकि उन्होंने श्रीनिवासन के हितों के टकराव का विरोध किया था.
प्रत्यर्पण की अटकलों को किया खारिज
अपने प्रत्यर्पण को लेकर चल रही अटकलों पर भी ललित मोदी ने साफ जवाब दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्यर्पण की प्रक्रिया उन लोगों पर लागू होती है, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हों या जिन्हें किसी अपराध के लिए दोषी ठहराया गया हो. मोदी ने कहा उन पर इनमें से कोई भी शर्त लागू नहीं होती है. इंटरपोल ने लिखित रूप में पुष्टि की है कि उसके पास मेरे खिलाफ आपराधिक प्रसार या अलर्ट नोटिस का कोई रिकॉर्ड नहीं है.
ललित मोदी को मिली ब्रिटिश नागरिकता
ललित मोदी को हाल ही में ब्रिटिश नागरिकता मिली है. उन्होंने कहा 'ब्रिटेन 2010 से मेरा घर रहा है, ब्रिटिश अधिकारियों ने मेरी परिस्थितियों की पूरी तरह से जांच करने के बाद कई साल पहले मुझे यहां रहने की अनुमति दी थी. उन्होंने बताया कि इसके बाद उन्होंने ब्रिटिश नागरिकता के लिए आवेदन किया, निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी की और जुलाई 2026 में गृह मंत्रालय से मंजूरी हासिल की. मैंने कभी किसी भी प्रकार की छूट नहीं मांगी और ना ही मुझे इसकी जरूरत है। मुझे ब्रिटिश नागरिक होने पर गर्व है और मैं ब्रिटेन का आभारी हूं जो पिछले 16 सालों से अधिक समय से मेरा घर रहा है.
ये भी पढे़ंः
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं