टीम इंडिया से पिछले दो साल से ज्यादा समय से बाहर चल रहे रजत पाटीदार ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में ऐसी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की, जिसकी गूंज पूरे घरेलू क्रिकेट में सुनाई दी. मध्य प्रदेश के कप्तान ने असम के खिलाफ महज 48 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 13 छक्के और 8 चौके शामिल रहे. पाटीदार की इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर मध्य प्रदेश ने 131 रन की बड़ी जीत दर्ज की.
48 गेंदों में मचाया कोहराम
न्यू चंडीगढ़ के पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मध्य प्रदेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 250 रन बनाए. इस विशाल स्कोर की नींव रजत पाटीदार ने रखी, जिन्होंने सिर्फ 48 गेंदों में नाबाद 135 रन की पारी खेली.
पाटीदार ने अपनी पारी के दौरान 13 छक्के और 8 चौके जड़े. उन्हें शिवांग कुमार का भी शानदार साथ मिला, जिन्होंने 38 गेंदों पर 61 रन बनाए. दोनों बल्लेबाजों ने असम के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. अंकुश सिंह ने 13 गेंदों में 23 और अक्षत रघुवंशी ने 11 गेंदों में 19 रन का योगदान दिया. असम की ओर से आकाश सेनगुप्ता ने तीन विकेट लिए, जबकि मृण्मय दत्ता को दो सफलताएं मिलीं.
119 रन पर ढेर हुई असम
251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी असम की टीम 17.4 ओवर में 119 रन पर ऑलआउट हो गई. टीम के लिए सबसे ज्यादा 32 रन सिबसांकर रॉय ने बनाए. साहिल जैन ने 20 और प्रद्युन सैकिया ने 18 रन की पारी खेली. मध्य प्रदेश की ओर से कुमार कार्तिकेय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. आवेश खान और राहुल बाथम ने दो-दो विकेट अपने नाम किए.
जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को हराया
इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए एक अन्य मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को 6 रन से हरा दिया. पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने 7 विकेट पर 201 रन बनाए. कामरान इकबाल ने 37 गेंदों में 70 और शुभम खजूरिया ने 34 गेंदों में 53 रन बनाए. अब्दुल समद ने 14 गेंदों पर 29 रन की तेज पारी खेली. जवाब में तमिलनाडु की टीम 9 विकेट पर 195 रन ही बना सकी. अमित सथविक ने 31 गेंदों में 67 रन बनाए लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके. कामरान इकबाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
उत्तराखंड ने गोवा को पांच विकेट से हराया
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में उत्तराखंड ने गोवा को 5 विकेट से मात दी. पहले बल्लेबाजी करते हुए गोवा की टीम 168 रन पर सिमट गई. लक्ष्य का पीछा करते हुए तेजस्वी जायसवाल ने 20 गेंदों पर 46 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, जबकि आरव महाजन ने 38 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई. महाजन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
यूपी ने कर्नाटक को दी शिकस्त
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उत्तर प्रदेश ने कर्नाटक को 16 रन से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी ने 5 विकेट पर 204 रन बनाए. दिव्यांश जोशी ने 34 गेंदों में 65 रन की पारी खेली, जबकि समीर रिजवी ने 23 गेंदों पर नाबाद 46 रन बनाए. जवाब में कर्नाटक की टीम 9 विकेट पर 188 रन ही बना सकी. यूपी की तरफ से मोहसिन खान ने 3 विकेट लिए. दिव्यांश जोशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
यह भी पढ़ें- एशिया कप में ठोका, अब फिर होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर, कब-कहां और कितने बजे होगा मैच?
यह भी पढ़ें- VIDEO: गली क्रिकेट में उड़े ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के स्टंप्स, प्रिंसेस भी रह गईं हैरान, वायरल हुआ रिएक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं