श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले भारतीय टीम को खुशखबरी मिली है. बीसीसीआई के बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस ने भारत के तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह को अगले महीने होने वाली टेस्ट सीरीज़ के लिए खेलने की मंज़ूरी दे दी है. बुमराह को फिटनेस के आधार पर स्क्वाड में चुना गया था. इस तेज गेंदबाज को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ हुई वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी. इस चोट के कारण उन्हें लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से बाहर रहना पड़ा था.
BCCI के एक सीनियर अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया,"जसप्रीत बुमराह अपनी चोट से उबर चुके हैं. उन्होंने COE के ज़रूरी फ़िटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं. उम्मीद है कि वह दोनों मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे क्योंकि वह टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं."
श्रीलंका के ख़िलाफ़ दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ 15 अगस्त को गाले में शुरू होगी और दूसरा मैच 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इस साइकल में फ़ाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को अपने बचे हुए नौ टेस्ट मैचों में से सात जीतने होंगे.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ विदेशी धरती पर होने वाली सीरीज़ से पहले श्रीलंका सीरीज़ को 2-0 से जीतना बहुत ज़रूरी है, क्योंकि न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ सीरीज़ एक मुश्किल चुनौती हो सकती है. भारत पहले ही हर्षित राणा और नितीश रेड्डी की चोट से जूझ रहा है. राणा हैमस्ट्रिंग और रेड्डी क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण बाहर हैं. वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं और आकाश दीप पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण लंबे समय से खेल से दूर हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं