कोलंबो में किसे मौका मिलेगा- कुलदीप यागदव या सारांश जैन? करोड़ों फैंस इस सवाल का जवाब जानने को बेताब हैं. मैच की पूर्व संध्या पर मीडिया से सामने आए गौतम गंभीर ने प्लेइंग इलेवन समीकरण पर पत्ते को नहीं खोले, लेकिन कुलदीप को समर्थन जरूर दिया. इतना ही काफी नहीं था कि 'चाइनामैन' बॉलर ने लगातार दूसरे ट्रेनिंग सेशन से दूरी बनाई. कुलदीप का होटल के कमरे में ही बने रहना हैरानी की बात थी, क्योंकि ऐसा बहुत कम होता है, खासकर जब टीम अपने घर से बाहर खेल रही हो और उन्होंने गाले टेस्ट में सिर्फ 25 ओवर ही फेंके हों. पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर कुलदीप को पांचों मैचों में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली थी, लेकिन बावजूद इसके वह कभी ट्रेनिंग से नहीं चूका थे.
दूसरी तरफ, 33 साल के इस खिलाड़ी ने दोनों दिन अच्छी प्रैक्टिस की, और मैच से ठीक पहले उनके रूटीन ने इस कहानी में और दिलचस्पी पैदा कर दी है. मैदान पर पहुंचने के कुछ ही देर बाद, वे प्रैक्टिस वाली जगह पर जाने से पहले सीधे पिच पर गए और वहां की स्थिति का जायज़ा लिया. टीम इंडिया के स्पिन बॉलिंग कोच सैराज बहुतुले उनके साथ थे, दोनों ने कुछ देर बातचीत की और स्पॉट बॉलिंग की.
इस बाएं हाथ के खिलाड़ी ने अलग-अलग नेट्स में प्रैक्टिस की और नेट बॉलर्स और थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट्स की अलग-अलग जोड़ियों का सामना किया. हेड कोच गौतम गंभीर और पुरुषों की सीनियर सिलेक्शन कमिटी के चेयरमैन अजीत अगरकर दोनों ही उन्हें देख रहे थे. जैसे ही उनकी बैटिंग प्रैक्टिस खत्म हुई, गंभीर ने सारांश से लंबी बातचीत की और ड्रेसिंग रूम जाने से पहले उनकी छाती पर थपथपाया भी.
अगर इससे कोई तस्वीर बनती है तो कहना गलत नहीं होगा कि सारांश जैन प्लेइंग इलेवन का हिस्सा होंगे. श्रीलंकाई टीम में तीन बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखते हुए सारांश का टीम में होना तकनीकि तौर पर सही नजर आता है, लेकिन आखिरी फैसला गंभीर का होगा. पूर्व में कई बार गंभीर ने विरोधी टीम को इस तरह से गच्चा दिया है. प्रैक्टिस में जिस खिलाड़ी पर अधिक फोक्स किया, उसे इलेवन में जगह नहीं दी.
दूसरे टेस्ट के लिए भारत अपने सफल टीम संयोजन को बरकरार रखेगा या नहीं, इस पर गंभीर ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। उन्होंने हालांकि दबाव में चल रहे बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव का समर्थन किया. उन्होंने कहा,"हम ऐसी सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी इकाई उतारने की कोशिश करेंगे, जो हमें 20 विकेट दिला सके." उन्होंने आगे कहा,"कुलदीप एक अच्छे गेंदबाज हैं और कभी-कभी यह कप्तान पर भी निर्भर करता है."
उन्होंने कुलदीप का समर्थन करते हुए कहा,"लंबे समय से हम देख रहे हैं कि कुलदीप सही दिशा में काम कर रहे हैं. हम जानते हैं कि अनुकूल परिस्थितियों में वह कितने सफल और प्रभावी साबित हो सकते हैं." गंभीर ने कहा,"क्रिकेट में उतार-चढ़ाव आते रहेंगे. हमें अपने खिलाड़ियों का समर्थन करना चाहिए और उन्हें पर्याप्त मौके देने चाहिए. फैसला एक-दो मैचों के प्रदर्शन के आधार पर नहीं होना चाहिए." गंभीर के बयान से स्थिति साफ नजर नहीं आती है और सवाल बरकरार है कि वह अनुभवी खिलाड़ी के साथ जाएंगे या फिर सारांश का डेब्यू होगा.
यह भी पढ़ें: IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ क्लीन स्वीप के इरादे से उतरेगा भारत, 3 साल बाद विदेश में सीरीज जीतन पर नजरें
यह भी पढ़ें: IND vs SL: गौतम गंभीर-शुभमन गिल ने स्क्वाड में शामिल रिजर्व को रिलीज करने से किया मना- रिपोर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं