भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार से कोलंबो के सिंहली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा. पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 165 रनों से जीत दर्ज की थी. ऐसे में शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम सीरीज को 2-0 से अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी. इसके साथ ही गिल एंड कंपनी की कोशिश विदेशी धरती पर टेस्ट सीरीज जीत के इंतजार को खत्म करने की होगी. टीम इंडिया ने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर 1-0 से जीत हासिल की थी. यह भारत की विदेश में आखिरी टेस्ट सीरीज जीत है.
इन खिलाड़ियों पर होंगी नजरें
मेजबान श्रीलंका कोलंबो में अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी. गाले टेस्ट की दोनों ही पारियों में श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम भारतीय स्पिनर्स के आगे बेबस नजर आया था. कुशल मेंडिस और दिनेश चांदीमल के दूसरे टेस्ट से बाहर होने से टीम को दोहरा झटका लगा है.
गाले टेस्ट की दोनों ही पारियों में दमदार प्रदर्शन करने सोनल दिनुशा से टीम को इस मुकाबले में भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी.कप्तान धनंजय डी सिल्वा को भी बल्ले से अहम योगदान देना होगा. गेंदबाजी में प्रभात जयसूर्या अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने कुल 7 विकेट अपने नाम किए थे. तेज गेंदबाजी में असिथा फर्नांडो असरदार साबित हुए थे.
भारत के लिए पहले टेस्ट मैच में सब कुछ सही घटा था. बल्लेबाजी में देवदत्त पडिक्कल ने 167 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि केएल राहुल और ध्रुव जुरेल भी श्रीलंकाई गेंदबाजों के लिए सिरदर्द साबित हुए थे. दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने 66 रनों की दमदार पारी खेली थी. हालांकि, दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल से भी टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी.
ऐसा है हेड-टू-हेड रिकॉर्ड
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 47 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें से भारतीय टीम को 23 मुकाबलों में जीत मिली है. वहीं, श्रीलंका ने 7 मैच जीते हैं. 17 मुकाबलों का अंत ड्रॉ के रूप में हुआ है. कोलंबो के सिंहली क्रिकेट मैदान पर भारत ने कुल 9 टेस्ट मैच खेले हैं और इस दौरान 3 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि 2 में टीम को हार का सामना करना पड़ा है. वहीं, 4 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं.
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान।
श्रीलंका: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरु उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबंदारा, कामिंडु मेंडिस, सहान अराचिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रत्नायके, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो और विश्वा फर्नांडो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं