विज्ञापन

भारत के 720 रनों के पहाड़ के आगे बेबस न्यूजीलैंड, रचिन रवींद्र ने कहा- 'हम काफी पीछे हैं'

चौथे दिन स्टंप्स पर न्यूजीलैंड ने दो विकेट के नुकसान पर 119 रन बना लिए हैं और मेजबान टीम अभी भी 223 रन पीछे है.

भारत के 720 रनों के पहाड़ के आगे बेबस न्यूजीलैंड, रचिन रवींद्र ने कहा- 'हम काफी पीछे हैं'
भारत के 720 रनों के पहाड़ के आगे बेबस न्यूजीलैंड

न्यूजीलैंड के बल्लेबाज रचिन रविंद्र ने स्वीकार किया कि पहले टेस्ट के चौथे दिन रविवार को भारतीय बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से उनकी टीम ‘बैकफुट' पर चली गई थी. भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 720 रन बनाकर समाप्त घोषित की और इस तरह से पहली पारी में 352 रन की बढ़त बनाई. न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 368 रन बनाए थे. न्यूजीलैंड ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने के समय अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 119 रन बनाए हैं. डेवोन कॉनवे और रविंद्र अभी क्रीज पर हैं और उनकी टीम भारत से 233 रन पीछे है.

रविंद्र ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पत्रकारों से कहा,"हम मैच में अभी काफी पीछे चल रहे हैं. भारत ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. हमारे लिए अब जितना संभव हो सके उतनी देर तक बल्लेबाजी करना जरूरी है."

मैच ड्रॉ कराने के लिए न्यूजीलैंड को अंतिम दिन 90 ओवर बल्लेबाजी करनी होगी और रविंद्र ने कहा कि न्यूजीलैंड को आगे के बारे में सोचने के बजाय एक-एक गेंद पर ध्यान केंद्रित करना होगा. उन्होंने कहा,"मैच को बचाना अभी काफी दूर की बात है, इसलिए हम एक-एक गेंद पर ध्यान देंगे. आखिरी दिन 90 ओवर का खेल होना है."

रविंद्र का मानना है कि वह आक्रामक बल्लेबाज हैं लेकिन परिस्थितियों के अनुसार अपनी आक्रामकता पर अंकुश लगाना भी सीख गए हैं. इसके अलावा उन्होंने साथी बल्लेबाज डेवोन कॉनवे की भी तारीफ करते हुए कहा कि अगर वह क्रीज पर पर्याप्त समय बिताते हैं तो बड़ा स्कोर बना सकते हैं. उन्होंने कहा,"मैं डेव का सबसे बड़ा समर्थक हूं. जब भी वह क्रीज पर पर्याप्त समय बिता देता है तो फिर बड़ा स्कोर बनाने में सफल रहता है."

मैच की पहली दो पारियों में 1088 रन बने लेकिन रविंद्र का मानना है कि पिच की प्रकृति को नकारात्मक रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा,"ग्लेन फिलिप्स, हेनरी निकोल्स, केएल राहुल और ऋषभ पंत को शतक बनाते देखना कोई नकारात्मक बात नहीं है. भले ही यह वेलिंगटन की कोई आम पिच ना हो."

रविंद्र ने जसप्रीत बुमराह की प्रशंसा करते हुए कहा,"बुमराह हमेशा काफी सतर्क रहते हैं. यही तो टेस्ट क्रिकेट है." मैच के अंतिम दिन स्पिनरों को मदद मिलने की संभावना के बारे में रविंद्र ने कहा,"मैं भविष्यवक्ता नहीं हूं लेकिन मौसम की भूमिका अहम होगी. अगर थोड़ी और हवा चलती है तो मौसम शुष्क हो सकता है."

(इनपुट- भाषा)

यह भी पढ़ें: सचिन तेंदुलकर ने की रणवीर सिंह की जमकर तारीफ, बोले- क्रिकेट में भी बना सकते थे नाम

यह भी पढ़ें: ध्रुव जुरेल के हैरतअंगेज कैच ने दिलाई एकनाथ सोलकर की याद, रवि शास्त्री बोले- बेहतरीन दौर की याद आ गई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
New Zealand, India, Rachin Ravindra, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com