भारत-आयरलैंड के बीच शुक्रवार को सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है और इस मैच पर बारिश का साया मंडरा रहा है. स्टॉर्मोंट के सिविल सर्विस क्रिकेट ग्राउंड में होने वाले इस मैच पर फैंस की निगाहें हैं. एक तो वैभव सूर्यवंशी के इस मैच से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू की उम्मीदें हैं. दूसरा भारतीय क्रिकेट में श्रेयस अय्यर युग की शुरुआत भी होगी. हालांकि, इस मैच पर मौसम ग्रहण लगा सकता है, क्योंकि बेलफास्ट में दिन में बारिश होने की उम्मीद है.
मैच पर बारिश का साया
मैच स्थानीय समयानुसार दोपहर 1:30 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे) शुरू होने वाला है. एक्यूवैदर के अनुसार, स्थानीय समयानुसार सुबह 11:00 बजे बारिश की 51 प्रतिशत संभावना है. दोपहर करीब 2:00 बजे तक संभावना 59 फीसदी तक बढ़ जाती है. शाम 4:00 बजे बारिश की संभावना कम होने लगती है. जबकि शाम 5:00 बजे यह 34 प्रतिशत है. हालांकि, बारिश रूक-रूक होने की संभावना है, अगर ऐसा होता है तो हमें मैच देखने को मिल सकता है, भले ही वह पूरे 20 ओवरों का ना हो.
क्या वैभव सूर्यवंशी का होगा डेब्यू?
जब हर किसी की निगाहें इस बात पर टिकी हुई हैं कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहले टी20 के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है या नहीं, बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कुछ ऐसा कहा है जिसने फैंस की दिल की धड़कनें बढ़ा दी हैं.
सितांशु कोटक का कहना है कि सिर्फ वैभव सूर्यवंशी को मौका देने के लिए टीम मैनजमेंट किसी को ड्रॉप नहीं करेगा. प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए बैटिंग कोच ने कहा,"मुझे पूरा भरोसा है कि उन्हें खुद की काबिलियत दिखाने के पर्याप्त मौके मिलेंगे. हालांकि, मुझे नहीं लगता कि सिर्फ उन्हें मौका देने के लिए हमें किसी ऐसे खिलाड़ी को बाहर कर देना चाहिए जो पहले से ही रन बना रहा हो. यह भी सही नहीं होगा."
बैटिंग कोच ने आगे कहा,"जाहिर है कि यह टीम मैनेजमेंट पर निर्भर करता है. हम इस मैच में क्या करने का प्लान बनाते हैं. यह एक अलग बात है. हालांकि, मुझे लगता है कि किसी को मौका देने और किसी दूसरे खिलाड़ी के साथ गलत करने के बीच बहुत पतली लाइन होती है."
हालांकि, सितांशु कोटक ने वैभव सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने वैभव को एक लाजवाब खिलाड़ी बताया. सितांशु ने आगे कहा,"जो खिलाड़ी बीसीसीआई सिस्टम से अंडर 19, भारत ए और एमर्जिंग टूर्नामेंट खेलकर आया है, वो काफी हद तक भारतीय टीम के कल्चर को समझता है. तो ऐसा नहीं है कि उनके लिए बहुत कुछ अलग है. हालांकि, हमने उन्हें आनंद लेने की सलाह दी है. इसके साथ ही हमने उन्हें कहा है कि वह जो भी पूछना या बताना चाहें, वो बता सकते हैं."
यह भी पढ़ें: IND vs IRE 1st T20I: वैभव -प्रिंस का डेब्यू! क्या असर दिखाएगी पिच, कैसा रहेगा मौसम, जानें तमाम बातें
यह भी पढ़ें: अक्षर पटेल खास शतक के मुहाने पर, 3 विकेट लेते ही रच देंगे इतिहास, चहल-अश्विन कोई नहीं कर पाया था ऐसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं