वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के 368 के जवाब में अपनी पहली पारी 720 के स्कोर पर घोषित की और 352 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की. यह टेस्ट इतिहास में पांचवां मौका है, जब टीम इंडिया ने किसी पारी में 700 से अधिक का स्कोर किया हो. इसके साथ ही भारत ने टेस्ट में सर्वाधिक मौकों पर 700 से अधिक का स्कोर करने के मामले में ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया है. इन तीनों टीमों ने 4-4 बार 700 से अधिक का टोटल खड़ा किया है. जबकि इस लिस्ट में टॉप पर श्रीलंका है, जिसने 7 बार यह कारनामा किया है.
टेस्ट में भारत का सबसे बड़ा स्कोर 759/7d है. टीम इंडिया ने 2016 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ पहाड़ सा स्कोर खड़ा किया था. जबकि 2009 में टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ 726/9d रन बनाए थे. वेलिंगटन में 720/9, भारत का टेस्ट में तीसरा सबसे बड़ा टोटल है. 2010 में भारत ने कोलंबो में 707 रन बनाए थे. जबकि सिडनी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 705/7 का स्कोर किया था.
टेस्ट मैचों में 700 से अधिक का स्कोर
- 7 - श्रीलंका
- 5 - भारत
- 4 - इंग्लैंड
- 4 - ऑस्ट्रेलिया
- 4 - वेस्टइंडीज
- 2 - पाकिस्तान
- 1 - न्यूजीलैंड
भारत ने तोड़ा वेस्टइंडीज का 31 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
भारतीय क्रिकेट टीम ने वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे टेस्ट मैच के चौथे दिन अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 720 रन बनाकर घोषित की. न्यूजीलैंड के खिलाफ किसी भी टीम द्वारा एक पारी में बनाया गया यह सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है. भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर बनाकर वेस्टइंडीज के 31 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ा है. वेस्टइंडीज ने 1995 में वेलिंगटन में ही 5 विकेट पर 660 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की थी.
न्यूजीलैंड में बना यह सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है. इससे पहले न्यूजीलैंड ने 2019 में हैमिल्टन में बांग्लादेश के खिलाफ अपनी पारी 6 विकेट पर 715 रन बनाकर घोषित की थी. भारतीय टीम का यह टेस्ट क्रिकेट में तीसरा सबसे बड़ा और न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है.
भारत ने अपना सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर 2016 में चेन्नई में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था. उस मैच में टीम इंडिया ने अपनी पारी 7 विकेट पर 759 रन बनाकर घोषित की थी. भारत का दूसरा सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर 2009 में श्रीलंका के खिलाफ ब्रेबोर्न स्टेडियम में आया था. टीम इंडिया ने अपनी पारी 9 विकेट पर 726 रन बनाकर घोषित की थी.
तीसरा सबसे बड़ा स्कोर इस मैच में बना है. 2010 में श्रीलंका के खिलाफ कोलंबो में बना 707 रन का स्कोर भारत का चौथा सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर है. 2004 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में भारत ने 7 विकेट पर 705 रन बनाकर अपनी पारी घोषित की थी. टेस्ट क्रिकेट में भारत का यह पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है.
टेस्ट क्रिकेट में यह पांचवां मौका है, जब भारत ने एक पारी में 700 या उससे अधिक रन बनाए हैं. श्रीलंका इस सूची में पहले स्थान पर है. श्रीलंका ने टेस्ट क्रिकेट में 700 या उससे अधिक रन बनाने की उपलब्धि 7 बार हासिल की है. इंग्लैंड (4), ऑस्ट्रेलिया (4), वेस्टइंडीज (4), पाकिस्तान (2) और न्यूजीलैंड (1) भी इस सूची में शामिल हैं.
भारतीय पारी में 14 छक्के लगे. किसी एक टेस्ट पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में भारत का यह संयुक्त रूप से तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. इससे पहले 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापत्तनम में भी टीम इंडिया ने 14 छक्के लगाए थे. 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट में 18 छक्के, 2009 में ब्रेबोर्न में श्रीलंका के खिलाफ 15 छक्के और 2019 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 14 छक्के क्रमशः पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.
यह भी पढ़ें: जो 149 साल में नहीं हुआ, भारतीय बल्लेबाजों ने वेलिंगटन में कर डाला, 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' रिकॉर्ड
यह भी पढ़ें: भारत ने 720/9 पर पारी की घोषित, 352 रन की विशाल बढ़त, बनाया न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे बड़ा स्कोर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं