विज्ञापन

ड्रग्स का बेताज बादशाह जिस पर था 46 करोड़ का इनाम... जानें कौन है- मैक्सिको में गिरफ्तार एल चापो इसिड्रो

मेक्सिको में ड्रग माफिया फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो को सेना ने सिनालोआ में एक बड़े ऑपरेशन के बाद गिरफ्तार किया. एल चापो इसिड्रो पर अमेरिकी जांच एजेंसियों ने ड्रग तस्करी समेत कई आरोप लगाए हैं, उसके लिए पांच मिलियन डॉलर का इनाम घोषित था.

ड्रग्स का बेताज बादशाह जिस पर था 46 करोड़ का इनाम... जानें कौन है- मैक्सिको में गिरफ्तार एल चापो इसिड्रो
मेक्सिको में पकड़ा गया FBI का मोस्ट वांटेड ड्रग माफिया एल चापो इसिड्रो, गिरफ्तारी का पहला VIDEO आया सामने
  • मेक्सिको की सेना ने बड़े ऑपरेशन के दौरान ड्रग माफिया सरगना फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस को गिरफ्तार किया
  • मेक्सिको रक्षा मंत्रालय ने वीडियो जारी किया जिसमें भारी हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी उसे सै ले जाते दिखे
  • ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और गिरोह के सदस्यों के बीच हुई गोलीबारी में कुल 11 लोग मारे गए
नई दिल्‍ली:

मेक्सिको में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की 10 मोस्‍ट वांटेड भगोड़ों की लिस्‍ट में शामिल कुख्यात ड्रग माफिया और बेल्ट्रान लेवा आपराधिक गिरोह के सरगना फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ ​'एल चापो इसिड्रो' को गिरफ्तार कर लिया गया है. मेक्सिको की सेना ने सिनालोआ राज्य में रातभर चले एक बड़े आर्मी ऑपरेशन के दौरान उसे दबोचा. गिरफ्तारी के बाद मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय ने उसका पहला वीडियो फुटेज भी जारी किया है, जिसमें भारी हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मी उसे हिरासत में लेकर सैन्य वाहन तक ले जाते दिखाई दे रहे हैं. इस गिरफ्तारी को इंटरनेशनल लेवल पर ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.

गिरफ्तारी का वीडियो आया सामने

मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वीडियो में चापो इसिड्रो को सुरक्षा बलों की गिरफ्त में देखा जा सकता है. वीडियो में उसके हाथ बंधे हुए हैं और चारों तरफ हथियारबंद सैनिक तैनात दिखाई दे रहे हैं. सुरक्षाकर्मी उसे एक इमारत से बाहर निकालकर सेना के वाहन तक ले जाते हैं. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी नजर आती है. वीडियो सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय मीडिया में भी इस गिरफ्तारी की चर्चा तेज हो गई है. बताया जा रहा है कि चापो इसिड्रो को पकड़ने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने कई दिनों तक खुफिया जानकारी जुटाई थी. इसके बाद 20 नवंबर की रात सिनालोआ राज्य के गुआसावे शहर में स्‍पेशल आर्मी ऑपरेशन चलाया गया.

कई दिनों की प्‍लानिंग के बाद बनाया ऑपरेशन

मेक्सिको के अधिकारियों के मुताबिक, इस ऑपरेशन को विशेष सैन्य बलों और खुफिया एजेंसियों ने मिलकर अंजाम दिया. इसमें अमेरिका की खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी भी अहम साबित हुई. अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने पहले संदिग्ध ठिकाने की पहचान की और फिर चारों तरफ से घेराबंदी कर दी. सुरक्षा बलों ने आरोपियों के भागने और बाहरी मदद पहुंचने की संभावनाओं को रोकने के लिए इलाके में कड़ा सुरक्षा घेरा बनाया था. इसी दौरान हथियारबंद लोगों की ओर से सैनिकों पर गोलीबारी और विस्फोटकों से हमला किया गया. इसके बाद सैन्य बलों ने कार्रवाई करते हुए ठिकाने में प्रवेश किया और चापो इसिड्रो समेत तीन प्रमुख लोगों को गिरफ्तार कर लिया.

मुठभेड़ में 11 लोगों की मौत

इस बड़े ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और कथित आपराधिक गिरोह के सदस्यों के बीच भीषण गोलीबारी हुई. रिपोर्टों के मुताबिक, इस गोलीबारी में सात संदिग्ध गिरोह सदस्यों और मेक्सिको के चार सैनिकों की मौत हो गई. इस तरह हिंसक कार्रवाई में कुल 11 लोगों की जान चली गई. ऑपरेशन के बाद सिनालोआ के कई इलाकों में तनाव फैल गया. गुआसावे, अहोमे, गुआमूचिल और नावोलातो जैसे इलाकों में सड़कें जाम करने, वाहनों में आग लगाने और गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं. कई जगहों पर आपराधिक गिरोह के सदस्यों ने सुरक्षा बलों की कार्रवाई के विरोध में रास्ते बाधित किए. हालात को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए.

कौन है चापो इसिड्रो?

फॉस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस को मेक्सिको के सबसे खतरनाक ड्रग माफिया में गिना जाता है. वह बेल्ट्रान लेवा गिरोह से जुड़ा रहा है और बाद में मेजा-फ्लोरेस आपराधिक संगठन का प्रमुख बन गया. अमेरिका में उसके संगठन को बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के रूप में जाना जाता है. अमेरिकी जांच एजेंसियों के आरोपों के मुताबिक, उसका संगठन कोकीन, हेरोइन, मेथामफेटामाइन, फेंटेनाइल और गांजे की बड़े पैमाने पर तस्करी करता रहा है. इस नेटवर्क का प्रभाव सिनालोआ के गुआसावे, लॉस मोचिस और आसपास के पहाड़ी इलाकों में बताया जाता है.

ये भी पढ़ें:- गुजरात में फर्जी पुलिसकर्मी बनकर बुजुर्गों को लूटता था शख्स, 9 हजार की लूट में गिरफ्तार

अमेरिका ने रखा था 5 मिलियन डॉलर का इनाम

चापो इसिड्रो की तलाश अमेरिकी एजेंसियों को लंबे समय से थी. एफबीआई ने उसे अपने 10 मोस्‍ट वांटेड भगोड़ों की लिस्‍ट में शामिल कर रखा था. अमेरिकी विदेश विभाग ने उसकी गिरफ्तारी या दोषसिद्धि में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 50 लाख डॉलर तक के इनाम की घोषणा की थी. अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, उसके खिलाफ ड्रग तस्करी, मनी लॉन्ड्रिंग, आपराधिक गिरोह चलाने, आतंकवादी संगठन को समर्थन देने और अवैध हथियारों के इस्तेमाल समेत कई गंभीर आरोपों में केसअभियोग दर्ज है. दोषी साबित होने पर उसे उम्रकैद या मृत्युदंड तक का सामना करना पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें:- अमेरिकी की सूचना, मेक्सिको की सेना फिर भी रात भर चला ऑपरेशन; तब गिरफ्तार हुआ अल चापो

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
El Chapo Isidro, Mexico, FBI, FBI Most Wanted
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com