टीम इंडिया ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रनों से हराते हुए एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क के मैदान पर भारत से मिले 212 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 192 रन ही बना सकी. भारतीय टीम ने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. साहिबजादा फरहान बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 11 गेंदों में 10 रन बनाकर आउट हुए. उस्मान खान को भी सिर्फ 3 रनों के स्कोर पर अक्षर पटेल ने पवेलियन भेजा. माज सदाकत अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 18 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए. एशियन गेम्स के फाइनल में पाकिस्तान की बुरी हार पर अब पड़ोसी मुल्क में हाहाकार मचा है, और सोशल मीडिया पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई है.
39 के स्कोर पर 3 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही पाकिस्तान की पारी को हसन नवाज और सैम अयूब ने संभाला. दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 48 गेंदों में 87 रनों की साझेदारी निभाई. अयूब 29 रन बनाने के बाद शिवम दुबे का शिकार बने. हालांकि, हसन ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और तेज तर्रार अंदाज में अर्धशतक पूरा किया. हसन नवाज ने 51 गेंदों में 96 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन वह पाकिस्तान को जीत नहीं दिला सके. उन्होंने अपनी इस पारी में 5 चौके और 7 छक्के लगाए. भारत की ओर से गेंदबाजी में अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट चटकाए.
'हर तरफ से हमें लानत मिल रही है'
पाकिस्तान की बुरी हार के बाद सोशल मीडिया पर टीम को जमकर भला-बुरा सुना रहे हैं. मेटा स्पोर्ट्स के एक वीडियो में एक पाकिस्तानी स्पोर्ट्स एनालिस्ट ने अपनी टीम पर भड़ास निकालते हुए कहा कि, हर तरफ से हमें लानत मिल रही है, इसके बाद भी हम हर दफा उम्मीद लगाकर खड़े हो जाते हैं. और टीम का हौसला बढ़ाते हैं लेकिन हमारे नसीब में भारत के खिलाफ जीत नहीं लिखी है. कोई मुल्क तो छोड़ दो जहां आप भारत से नहीं हारे हो. यूएसए में आप हार गए, ऑस्ट्रेलिया में आप हार गए. इंडिया में आप हार गए. जापान रह गया था वहां भी आप हार गए.
'जब से पैदा हुए पाकिस्तान को हारते देखा'
पाकिस्तान की हार पर एक फैन ने कहा कि, जब से पैदा हुए हैं पाकिस्तान को हराते ही देख रहे हैं. एक दूसरे व्यक्ति ने कहा कि इस बार तो दिल ही टूट गया, पहले बहुत उम्मीद थी कि पाकिस्तान जीत जाएगा लेकिन इस बार भी निराशा मिली है.
'पहले युवराज मारता था अब अभिषेक मार रहा है'
एक फैन ने तंज कसते हुए कहा,'पहले पाकिस्तान को युवराज सिंह हराया करते थे, अब अभिषेक शर्मा वही काम कर रहे हैं. वहीं, एक अन्य वायरल वीडियो में कुछ नाराज फैंस को बीच सड़क पर टीवी तोड़ते हुए देखा जा सकता है. भारत के हाथों मिली हार से पाकिस्तान के फैंस काफी निराश नजर आए और कई लोगों ने खुलकर टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाए. सोशल मीडिया पर एक पाकिस्तानी टीवी डिबेट का वीडियो भी चर्चा में है, जिसमें पूर्व क्रिकेटर तनवीर अहमद मैच से पहले पाकिस्तान की जीत का दावा करते दिखाई दे रहे हैं. भारत की जीत के बाद फैंस उसी वीडियो के कमेंट सेक्शन में पहुंच गए और जमकर मजे लेते हुए उनकी भविष्यवाणी पर तंज कसने लगे.
टीम इंडिया के प्रदर्शन की बात करें तो भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 211 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए. टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, संजू सैमसन सिर्फ 2 रन ही बना सके. कप्तान श्रेयस अय्यर 24 गेंदों में 21 रन बनाने के बाद आउट हुए. ईशान किशन अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए और 18 गेंदों में 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे. हालांकि, अभिषेक ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की और महज 28 गेंदों का सामना करते हुए 61 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में अभिषेक ने 3 चौके और 7 छक्के लगाए.
वहीं, उपकप्तान तिलक वर्मा बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 51 रनों की नाबाद पारी खेली. तिलक ने अपनी इस पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए. उन्होंने शिवम दुबे (27 रन) के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी निभाई, जिसके बूते भारतीय टीम 200 रनों का आंकड़ा पार करने में सफल रही. पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में अहमद दानियाल और अराफात मिन्हास ने दो-दो विकेट चटकाए. हालांकि, फाइनल हारने के बावजूद, पाकिस्तान सिल्वर मेडल को अपने नाम करने में सफल रहा.
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान हुआ पस्त, भारत ने रचा इतिहास! 19 रन से जीतकर जीता एशियन गेम्स गोल्ड, अभिषेक शर्मा का तहलका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं