सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में हुए सीरीज के दूसरे मुकाबले के पहले दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक खास क्लब में 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव को पीछे छोड़ दिया है. कोलंबो में गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. भारत ने 88 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद गिल बल्लेबाजी को आए. वहीं जैसे ही उन्होंने 23वें की दूसरी गेंद पर केशरा नुवांथा को चौका लगाया, उन्होंने टेस्ट में अपने 3 हजार रन पूरे किए. गिल के इस मुकाबले से पहले 42 टेस्ट की 76 पारियों में 2993 रन थे. उन्होंने 26 साल और 349 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है और अब भारतीय कप्तान भारत के लिए टेस्ट में 3 हजार रन बनाने वाले चौथे युवा बल्लेबाज बन गए हैं. बता दें, इस मुकाबले में उन्होंने 7 रन बनाते ही टेस्ट में अपने 3 हजार रन पूरे किए.
बता दें, भारत के लिए टेस्ट में 3 हजार रन बनाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं. तेंदुलकर ने 23 साल और 228 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था. जबकि दूसरे स्थान पर वीरेंद्र सहवाग हैं. सहवाग ने 26 साल और 157 दिन में यह कारनामा किया था.
भारत के लिए सबसे कम उम्र में 3000 टेस्ट रन बनाने वाले खिलाड़ी
- 23 साल 228 दिन - सचिन तेंदुलकर
- 26 साल 157 दिन - वीरेंद्र सहवाग
- 26 दिन 263 दिन - दिलीप वेंगसरकर
- 26 साल 349 दिन - शुभमन गिल
- 26 साल 356 दिन - कपिल देव
श्रीलंका ने खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के पहले दिन लंच तक सलामी बल्लेबाजों लोकेश राहुल और यशस्वी जायसवाल के विकेट गंवाकर दो विकेट पर 88 रन बनाए. लंच के समय देवदत्त पडिक्कल 13 और कप्तान शुभमन गिल 11 रन बनाकर क्रीज पर थे. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को राहुल (18) और जायसवाल (45) ने पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़कर सतर्क शुरुआत दिलाई.
जायसवाल ने शानदार बल्लेबाजी की और इस दौरान कट शॉट खेलने से परहेज किया जो अतीत में कई बार उनके लिए परेशानी का सबब बना है. उन्होंने तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की गेंदों पर लगातार दो चौके लगाए और बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या की गेंद पर बेहतरीन कवर ड्राइव खेला. राहुल ने भी संयमित बल्लेबाजी की और जयसूर्या की गेंद पर उनके सिर के ऊपर से छक्का लगाया.
हालांकि कुमारा की गेंद पर स्क्वायर कट खेलने की कोशिश में राहुल ने विकेटकीपर निरोशन डिकवेला को कैच थमा दिया. जायसवाल बड़ी पारी की ओर बढ़ते दिख रहे थे लेकिन असिथा फर्नांडो की अंदर आती शानदार गेंद पर बोल्ड हो गए. जायसवाल के आउट होने के बाद कुछ देर मैदान पर तनातनी भी दिखी. गॉल में पहले टेस्ट की दूसरी पारी में डिकवेला से हुई कहासुनी को लेकर फर्नांडो ने जायसवाल को विदाई देने का इशारा किया. जायसवाल पीछे मुड़े और दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई. इस दौरान उनका हेलमेट फर्नांडो के माथे से भी छू गया. हालांकि श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने जल्द ही स्थिति को संभाल लिया.
यह भी पढ़ें: कुलदीप पहले प्रैक्टिस में नहीं आए, अब प्लेइंग XI में नहीं मिली जगह, BCCI ने बताया कारण
यह भी पढ़ें: दूसरे टेस्ट में बवाल, यशस्वी जायसवाल ने आउट होने के बाद खोया आपा, मैदान पर श्रीलंकाई गेंदबाज से भिड़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं