विज्ञापन

DC vs MI: कैसी चल रही है कुलदीप यादव की सेकेंड इनिंग्स- 100वें मैच से पहले शादी के बाद दबाव और धैर्य पर खुलकर बोले

Kuldeep Yadav, IPL 2026: दिल्ली में कुलदीप IPL का अपना 100वां मैच खेलनेवाले हैं. अबतक खेले गए 99 आईपीएल के मैचों में वो पहले ही विकेटों की सेंचुरी (99 मैच, 104 विकेट) लगा चुके हैं.  ₹13.25 करोड़ रुपये में कोलकाता (चार साल कोलकाता में रहने के बाद) से दिल्ली आये कुलदीप ने पिछले सीज़न 2025 में 15 और 2024 में 16  विकेट झटके थे.

DC vs MI: कैसी चल रही है कुलदीप यादव की सेकेंड इनिंग्स- 100वें मैच से पहले शादी के बाद दबाव और धैर्य पर खुलकर बोले
DC vs MI, Kuldeep Yadav

DC vs MI: लगातार दो वर्ल्ड कप की ट्रॉफ़ी, 2023 में वनडे वर्ल्ड कप का उपविजेता, 2025 की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफ़ी और तीन बार एशिया कप के ख़िताब- इन सबको हासिल करनेवाले कुलदीप यादव का बायोडाटा बेहद आकर्षक है. क्रिकेट के तीनों ही फॉर्मैट में साढ़े तीन सौ से ज़्यादा विकेट (362 विकेट) ले चुके 31 साल के कुलदीप यादव ने करीब तीन हफ़्ते पहले अपनी बचपन की दोस्त वंशिका संग शादी कर ली जहां उनके क्रिकेटर्स दोस्त उनके साथ जमकर नाचे. IPL में दिल्ली- मुंबई के सुपरस्टार्स से भरे मैच से पहले कुलदीप हमेशा की तरह मुस्कान ओढ़े प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जवाब देते रहे और अपनी ज़िन्दगी की दूसरी पारी के बारे में भी खुलकर बात की.

कैसी चल रही है कुलदीप-वंशिका की दूसरी पारी?
दिल्ली-मुंबई मैच से पहले कुलदीप यादव ने कहा कि पांच बार की चैंपियन मुंबई की टीम बेहद अच्छी और स्टार्स से भरी है. लेकिन वो ये सब बताते वक्त भी वो दबाव में नहीं दिखे. लगातार दूसरी बार वर्ल्ड चैंपिन टीम का हिस्सा रहने के बाद कुलदीप यादव ने इसबार शादी के लिए ज़्यादा वक्त नहीं लिया. टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के तुरंत बाद अपनी बचपन की दोस्त वंशिका से शादी कर ली और प्रेस कॉन्फ़्रेंस में उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि उनकी सेकेंड इनिंग अच्छी चल रही है.

कुलदीप यादव ने शादी को लेकर अपने अनुभव के बारे में कहा, "मैंने वास्तव में शादी का आनंद लिया। प्रेशर और पेशेंस अलग चीजें हैं. लेकिन मैं जीवन में अपनी दूसरी पारी का आनंद ले रहा हूं. तालमेल बनने में थोड़ा समय लगता है, लेकिन हम बहुत खुश और आभारी हैं. आप भी ज़रूर इस दौर से गुज़रे होंगे." 

मुंबई के ख़िलाफ़ लगेगी सेंचुरी!

कानपुर के रिस्ट स्पिनर कुलदीप को बेशक अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनकी काबिलियत के मुताबिक मौक़े नहीं मिले हों, लेकिन अपने मिले हर मौक़े पर उन्होंने खुद को मैचविनर खिलाड़ी साबित किया है. पिछले 12 साल में उन्हें 17 टेस्ट (76 विकेट), 120 वनडे (194 विकेट) और 51 अंतर्राष्ट्रीय टी-20 (92 विकेट) में मैदान पर उतरने का मौक़ा मिल पाया. लेकिन उन्होंने सभी बड़े टूर्नामेंट में धैर्य रखते हुए अपना असर ज़रूर छोड़ा और कई बार मैचविनर साबित हुए. 

उन्हें बेशक ज़रूरत के मुताबिक मौक़े कम मिले हों. लेकिन युवाओं के लिए उनसे ये बात सीखनेवाली है कि मौक़े ना मिलें तो बग़ैर कड़वाहट के कैसे खुद को तैयार रखना चाहिए. वे कहते हैं, “यदि आपको विश्व कप जैसे टूर्नामेंट में में मैच नहीं मिलते हैं, तो आपकी तैयारी और महत्वपूर्ण हो जाती है. आपको अपनी ट्रेनिंग के साथ खुद को दुरुस्त रखना होता है, ताकि जब भी आपको मौका मिले, आप तैयार दिखें. वर्ल्ड कप में मेरी तैयारी में कोई कमी नहीं थी." 

हर मैच से पहले अपनी सोच को लेकर कुलदीप कहते हैं,"मैं हमेशा खुद को तैयार करता था जैसे कि मुझे अगला मैच खेलना है. इससे आपको लय बनाए रखने में मदद मिलती है, जो बहुत महत्वपूर्ण है. जब आप प्रैक्टिस सत्रों के माध्यम से खेल के साथ जुड़े रहते हैं और एक उचित दिनचर्या का पालन करते हैं, तो एक अंतराल के बाद भी प्रदर्शन करना आसान हो जाता है."

दिल्ली में कुलदीप IPL का अपना 100वां मैच खेलनेवाले हैं. अबतक खेले गए 99 आईपीएल के मैचों में वो पहले ही विकेटों की सेंचुरी (99 मैच, 104 विकेट) लगा चुके हैं.  ₹13.25 करोड़ रुपये में कोलकाता (चार साल कोलकाता में रहने के बाद) से दिल्ली आये कुलदीप ने पिछले सीज़न 2025 में 15 और 2024 में 16  विकेट झटके थे. 2022 में दिल्ली में शामिल होते ही उन्होंने अपनी टीम के लिए सबसे ज़्यादा 21 विकेट झटके और सबसे ज़्यादा चार बार मैन ऑफ़ द मैच का ख़िताब अपने नाम किया था. 

100वें मैच में क्या होगी रणनीति?
एक आक्रामक रिस्ट स्पिनर के तौर पर कुलदीप हद से ज़्यादा अभ्यास के साथ मैदान पर उतरते हैं. मैच में विपक्षी बैटर के प्रति अपनी रणनीति को लेकर वो कहते हैं, “मैं आमतौर पर बल्लेबाज का आकलन करता हूं - वह कैसे खेलता है, उसके मजबूत पक्ष क्या हैं, और मैच की स्थिति क्या मांग करती है. मैं बल्लेबाज की अगली चाल का अनुमान लगाकर और उसी के अनुसार गेंदबाजी करके एक कदम आगे रहने की कोशिश करता हूं."दिल्ली के ख़िलाफ़ पहले मैच में उन्होंने ओपनर मिचेल मार्श और मुकुल चौधरी के अहम विकेट झटके और 2 कैच भी लपके. उनके100वें मैच में उनकी टीम और उनके फ़ैन्स एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करेंगे.

ये भी पढ़ें-  IPL Points Table 2026: सीएसके की दूसरी हार से प्वाइंट्स टेबल में उथल-पुथल, इन दो टीमों पर मंडराया खतरा

ये भी पढ़ें-  वैभव सूर्यवंशी और रफ्तार के सौदागर जोफ्रा ऑर्चर का हुआ आमना-सामना तो हुआ कुछ ऐसा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com