विज्ञापन

रोहित-कोहली नहीं, गौतम गंभीर ने इन खिलाड़ियों को बताया न्यूजीलैंड में जीत का असली हीरो

न्यूजीलैंड में 3-1 से वनडे सीरीज जीतने के बाद गौतम गंभीर ने भारतीय गेंदबाजों को जीत का असली हीरो बताया. गंभीर ने कहा कि बल्लेबाजी के उतार-चढ़ाव के बावजूद गेंदबाजों ने पूरी सीरीज में मैच जिताने वाला प्रदर्शन किया.

रोहित-कोहली नहीं, गौतम गंभीर ने इन खिलाड़ियों को बताया न्यूजीलैंड में जीत का असली हीरो
गौतम गंभीर ने भारतीय गेंदबाजों की तारीफ की
NDTV

न्यूजीलैंड में 3-1 से वनडे सीरीज जीतने के बाद भारतीय टीम जश्न में डूबी हुई है, लेकिन मुख्य कोच गौतम गंभीर के अनुसार इस सफलता के असली हीरो बल्लेबाज नहीं, बल्कि गेंदबाज रहे. पूरी सीरीज में भारतीय बल्लेबाजी कई बार लड़खड़ाती नजर आई, लेकिन गेंदबाजों ने हर बार जिम्मेदारी संभालकर टीम को मुश्किल हालात से बाहर निकाला. पांचवें वनडे में भी भारत ने सिर्फ 209 रन बनाए, फिर भी न्यूजीलैंड को 187 रन पर समेटकर सीरीज अपने नाम कर ली.

सीरीज जीतने के बाद गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया पर भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की जमकर तारीफ की. उन्होंने लिखा, 'गेंदबाज आपको सीरीज जिताते हैं! हमारे लड़कों पर गर्व है.' गंभीर का साफ मानना है कि न्यूजीलैंड में भारत की सीरीज जीत की सबसे बड़ी वजह गेंदबाजों का प्रदर्शन रहा. खासकर तब, जब टीम जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे प्रमुख तेज गेंदबाजों के बिना खेल रही थी.

पूरी सीरीज में गेंदबाजों ने किया कमाल

भारत की गेंदबाजी यूनिट ने अधिकांश मुकाबलों में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.

  • पहले वनडे में न्यूजीलैंड 185 रन पर ऑलआउट
  • दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड 134 रन पर ढेर
  • पांचवें वनडे में न्यूजीलैंड 187 रन पर सिमटा

चौथे वनडे को छोड़ दें तो भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन पूरी सीरीज में शानदार रहा. अलग-अलग मुकाबलों में अलग-अलग खिलाड़ियों ने आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई.

गुरनूर और अर्शदीप बने सबसे बड़े मैच विनर

सीरीज में भारत के लिए सबसे प्रभावशाली गेंदबाज गुरनूर बराड़ रहे. उन्होंने चार मैचों में 9 विकेट लेकर 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' का पुरस्कार अपने नाम किया. वहीं अर्शदीप सिंह ने पांच मैचों में 8 विकेट चटकाए. आखिरी वनडे में उन्होंने 30 रन देकर 3 विकेट लिए और भारत की जीत की नींव रखी. इसके अलावा मोहम्मद सिराज, अंशुल कंबोज और औकिब नबी ने भी जरूरत पड़ने पर अहम योगदान दिया.

बल्लेबाजी को लेकर पहले जता चुके हैं चिंता

दिलचस्प बात यह है कि जिस गंभीर ने गेंदबाजों की खुलकर तारीफ की, वही बल्लेबाजों के प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं दिखे. चौथे वनडे में भारत के सिर्फ 89 रन पर ऑलआउट होने के बाद उन्होंने बल्लेबाजी पर सवाल उठाए थे.

गंभीर ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोई भी गेंद 'अनप्लेयेबल' नहीं होती. उनके मुताबिक शुरुआती 10 ओवर निकालना जरूरी था, लेकिन टीम ऐसा नहीं कर सकी. उन्होंने यह भी माना था कि लगातार विकेट गंवाना और 90 के अंदर सिमट जाना चिंता का विषय है, खासकर तब जब आगे विश्व कप जैसी बड़ी चुनौतियां सामने हों.

209 रन भी बचा ले गए भारतीय गेंदबाज

पांचवें और निर्णायक वनडे में भारत की स्थिति एक समय मुश्किल दिखाई दे रही थी. रोहित शर्मा, विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ जल्दी आउट हो गए थे. अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन बनाए, जबकि निचले क्रम में अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने उपयोगी रन जोड़कर टीम को 209 तक पहुंचाया. इसके बाद अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड को पूरे मैच में दबाव में रखा. कीवी टीम 48.1 ओवर में 187 रन पर सिमट गई और भारत ने 22 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली.

यह भी पढ़ें-  'जज्बे का कोई बैटिंग ऑर्डर नहीं होता...,' पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत पर बोले गौतम गंभीर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, New Zealand, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com