विज्ञापन

भोपाल में इंदौर वाला खतरा! नल के पानी में मिला जानलेवा ई-कोली, 200 परिवारों ने पीना बंद किया, 1 की मौत का दावा

भोपाल के वैशाली नगर में नल के पानी में जानलेवा ई-कोली बैक्टीरिया मिला है. 16 दिन में दूसरी बार जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है.

भोपाल में इंदौर वाला खतरा! नल के पानी में मिला जानलेवा ई-कोली, 200 परिवारों ने पीना बंद किया, 1 की मौत का दावा
सांकेतिक तस्वीर.
IANS
भोपाल:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के वैशाली नगर में नल से आ रहे पानी में खतरनाक ई-कोली बैक्टीरिया मिला है. रहवासियों ने खुद सैंपल लेकर MP प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की स्टेट लैब में जांच कराई. यह वही बैक्टीरिया है, जिसने इंदौर के भागीरथपुरा में 30 से ज्यादा लोगों की जान ले ली थी.

पहली रिपोर्ट 28 अक्टूबर को आई. इसमें 100 मिली पानी में 660 MPN ई-कोली मिला, जबकि पीने के पानी में ये 0 होना चाहिए. पानी में गंदलापन 5.9 NTU मिला, जबकि लिमिट 5 NTU है.

दूसरी रिपोर्ट 13 नवंबर को आई. इसमें फिर 350 MPN ई-कोली मिला. मतलब ई-कोली कन्फर्म है. 

कॉलोनी में एक शख्स की मौत भी हुई है. परिजनों का आरोप है कि प्रदूषित पानी ने ही उनकी जान ली.

200 परिवारों ने बंद किया नल का पानी

वैशाली नगर में 16 दिनों के अंदर दूसरी बार नल के पानी में ई-कोली बैक्टीरिया मिला है. 

इस कॉलोनी में लोगों का कहना है कि डेढ़ साल से गंदा, बदबूदार पानी आ रहा है. करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना बंद कर दिया है और मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीद रहे हैं.

वैशाली नगर को पानी कोलार नेटवर्क से आता है, जिससे 9 जोन में करीब 7 लाख लोगों को सप्लाई होती है. आशंका है कि पेयजल लाइन के पास से गुजर रही सीवेज लाइन से लीकेज हो रहा है.

स्थानीय लोगों ने पानी की प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की स्टेट लैब में जांच करवाई तो तस्वीर साफ हो गई.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: NDTV

सफाई के बाद भी नहीं सुधरे हालात

स्थानीय रहवासियों के मुताबिक, वे करीब डेढ़ साल से गंदे और बदबूदार पानी की समस्या झेल रहे हैं. कई बार भोपाल नगर निगम में शिकायत की गई. गटर की सफाई के बाद दो दिन तक पानी ठीक आया, लेकिन फिर वही स्थिति बन गई.

रहवासियों का दावा है कि उल्टी-दस्त और दूसरी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते कुछ लोगों को नर्सिंग होम में भर्ती भी कराना पड़ा. 

यहां रहने वाले लोगों को आशंका है कि पेयजल लाइन के पास से गुजर रही सीवेज लाइन का गंदा पानी लीकेज के कारण सप्लाई लाइन में मिल रहा है. उनका कहना है कि पीछे स्थित वायु नगर के चेंबर ओवरफ्लो होने पर यह समस्या बढ़ जाती है.

लीकेज ठीक करने के लिए अलग-अलग जगह करीब 10 से 11 बार सड़क खोदी गई, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाया.

निगरानी और जांच व्यवस्था पर उठे सवाल

वैशाली नगर के रहवासियों का कहना है कि नगर निगम रोजाना 100 से ज्यादा पानी के सैंपल लेने का दावा करता है, इसके बावजूद दूषित पानी की समस्या पकड़ में नहीं आई. 

इसी कोलार नेटवर्क से नौ जोन के करीब सात लाख लोगों को 1.35 लाख कनेक्शनों के जरिए रोजाना 34 एमएलडी पानी सप्लाई किया जाता है. 

ऐसे में पानी में बैक्टीरिया मिलने से पूरे नेटवर्क की निगरानी और जांच व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhopal News, Contaminated Water, Contaminated Water Crisis India, Tap Water, Bhopal - MP News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com