हाल ही में पूर्व कंगारू ओपनर उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा; 'सब्र' में किए गए सैंडपेपरगेट विवाद के नए खुलासों के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया में मानो भूचाल सा गया है, बाकी देश और खिलाड़ी अपनी-अपनी नजर से इे देख रहे हैं. और अब दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डि विलियर्स ने ख्वाजा को 'क्रिकेट में अभी तक का सबसे बड़ा गद्दार' करार दिया है. यह बात उन्होंने FM 91.3 पर 'सैंडपेपर गेट' विवाद के बारे में पूछे जाने पर कही. डी विलियर्स ने गुस्से में कहा, 'मैं रिकॉर्ड पर यह कहना चाहता हूं कि ख्वाजा शायद क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा गद्दार है. पिछले 40-50 सालों में मैंने जितना क्रिकेट देखा है, उसके हिसाब से कह रहा हूं.' उन्होंने 'ऑस्ट्रेलिया के इस रिटायर्ड बाएं हाथ के ओपनर ने "आचार संहिता (कोड ऑफ़ कंडक्ट) के हर नियम को तोड़ा है. उसने आचार संहिता के हर उस नियम को तोड़ा है जिसके बारे में कोई सोच सकता है. उसने अपने साथी खिलाड़ियों को धोखा दिया है. यह सही या गलत की बात नहीं है. गलत जो होना था, वह हो चुका है. यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का हिस्सा बन चुका था और अफ़सोस की बात है कि ऐसा हुआ.'
फैनी ने कहा, 'लेकिन इस इंसान ने सब कुछ फिर से सामने ला दिया. इसने एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को बदनाम कर दिया है. इसने दोस्ती तोड़ी है, टीम के अंदर जो आचार संहिता होती है, उसे तोड़ा है. इसने वह सब कुछ गलत किया है, जिसके बारे में कोई सोच भी सकता है.'
हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने हमदर्दी जताई. उन्होंने foxsports.com.au से कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही घटिया तमाशा है. हममें से किसी को कुछ नहीं पता. यह ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के लिए बहुत ही खराब छवि पेश करता है. इसमें कोई शक नहीं कि आगे चलकर इसका असर ज़रूर पड़ेगा. मुझे लगता है कि ऐसा होना ही है, क्योंकि जितने ज़्यादा लोग इस बारे में बात करेंगे, मामला उतना ही आगे बढ़ेगा.'
वॉन बोले, 'उन्हें डर है कि यह सिलसिला शायद कभी खत्म ही न हो. यह अभी भी चल रहा है और यह ऐसी कहानी है जो जल्दी खत्म होने वाली नहीं है. मुझे लगता है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया यही चाहेगा कि यह मामला जल्द से जल्द खत्म हो जाए. असल में, पैट कमिंस ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि यह आखिरी बार है जब वह इस बारे में बात कर रहे हैं. लेकिन बदकिस्मती से, जो कुछ हुआ है, उसे देखते हुए कौन जानता है कि आने वाले कुछ हफ्तों में कुछ और लोग भी सामने आएं और अपनी बात रखें'.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं