रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने भले ही अपनी कप्तानी के दौरान विराट कोहली के रूप में एक अटूट समर्थन पाया हो, लेकिन इस दोस्ती का एक अप्रत्याशित और काफी महंगा नतीजा भी निकला. और वह था लग्जरी घड़ियों का एक नया शौक. दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ने खुलासा किया कि कोहली ने उन्हें महंगी घड़ियों की दुनिया से रूबरू कराया और उन्हें ऐसी घड़ियां खरीदने के लिए राजी किया, जिनके बारे में उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था. ESPNcricinfo के साथ एक बातचीत में डु प्लेसिस ने कहा, 'मैंने उनसे यह बात कही है और सार्वजनिक रूप से भी कही है. मेरे जीवन का सबसे महंगा रिश्ता उनके साथ रहा है क्योंकि उन्होंने मुझसे ऐसी घड़ियां खरीदवाईं हैं जो मुझे कभी, कभी, कभी नहीं खरीदनी चाहिए थीं.' उन्होंने स्वीकार किया कि कोहली के प्रभाव ने उन्हें एक घड़ी प्रेमी में बदल दिया है. हालांकि, उनके खर्च करने की आदतों को अब सही ठहराना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा, 'तीन साल बाद मैं सबसे बड़ा वॉच गाय बन गया हूं. और अब हर कोई मुझसे कह रहा है आप किसी घड़ी पर इतना पैसा कैसे खर्च कर सकते हैं?
यह भी पढ़ें: विराट-रोहित 0 पर हुए आउट, सुनील गावस्कर का 'Follow-On' बयान हुआ वायरल
आरसीबी की कप्तानी में कोहली का समर्थन
डु प्लेसिस और कोहली के बीच की यह दोस्ती 2022 से 2024 तक आरसीबी के कप्तान के रूप में डु प्लेसिस के तीन साल के कार्यकाल के दौरान परवान चढ़ी. विराट कोहली की अपार लोकप्रियता और फ्रेंचाइजी के समर्थकों के साथ उनके गहरे जुड़ाव को देखते हुए उनकी जगह कप्तानी संभालना बिल्कुल भी आसान नहीं था.
डु प्लेसिस ने याद किया कि इस भूमिका में कदम रखते ही कोहली ने तुरंत उन्हें अपना लिया था. उन्होंने कहा, 'हमेशा सम्मान था, लेकिन एक पल में मुझे लगा कि मुझे उनकी जगह लेने के लिए स्वीकार कर लिया गया है.' हालांकि, कोहली के उत्तराधिकारी होने का दबाव कभी कम नहीं हुआ. डु प्लेसिस ने बताया कि यदि टीम दो मैच तो दूर एक मैच भी हार जाती थी, तो पूरे बैंगलोर और पूरे भारत से आरसीबी समर्थकों की मांग उठने लगती थी कि विराट कोहली को फिर से कप्तान बनाया जाए.
'आरसीबी की कप्तानी के समय बहुत दबाव था'
प्लेसिस ने कहा, 'और ऐसा इसलिए नहीं है कि वे आपको या मुझे पसंद नहीं करते. वे बस चाहते हैं कि विराट कोहली कप्तान बनें. इसलिए अगर कोई मैच जीत में नहीं बदलता है, तो बात यहीं खत्म होती है कि विराट कोहली को कप्तान होना चाहिए.' डु प्लेसिस ने भारतीय क्रिकेट की सबसे लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में से एक का नेतृत्व करने के साथ आने वाली उम्मीदों को बखूबी समझा. हालांकि, उनके लिए इस चुनौती को आसान बनाने वाली बात यह थी कि उन्हें कोहली का पूरा समर्थन मिला, जो कप्तानी छोड़ने के बाद भी ड्रेसिंग रूम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बने रहे.
'समर्थन न मिला, तो कैसा महसूस करता'
इस दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने कहा, 'कल्पना कीजिए कि अगर मुझे वह समर्थन नहीं मिलता, तो मैं उन तीन साल में कैसा महसूस करता. उस दौर से निपटना सबसे कठिन समय होता.' एक-दूसरे की भूमिकाओं में आए बदलाव ने दोनों को एक-दूसरे के करीब आने में भी मदद की. इससे पहले जब कोहली भारत और आरसीबी की कप्तानी कर रहे थे, तब डु प्लेसिस विपक्षी कप्तान थे. अब जब दक्षिण अफ्रीकी खिलाड़ी कमान संभाल रहे थे और कोहली उनके अंडर खेल रहे थे, तो उनका रिश्ता एक नए आयाम में ढल गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं