विज्ञापन

अब तक की 10 सबसे बड़ी खबरें: ट्रंप को झटका, आयुष्मान खुराना को धमकी से लेकर विराट के रिकॉर्ड तक सबकुछ

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा झटका, भारतीय मूल की पिया डांडिया ने रचा इतिहास, टेक्सास में डेमोक्रेट्स की वापसी, आयुष्मान खुराना को धमकी, शेयर बाजार में तेजी और विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड. पढ़िए आज की 10 सबसे बड़ी खबरें.

अब तक की 10 सबसे बड़ी खबरें: ट्रंप को झटका, आयुष्मान खुराना को धमकी से लेकर विराट के रिकॉर्ड तक सबकुछ

ट्रंप को डबल झटका ! सीनेट के बाद हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी रिपब्लिकन पिछड़ी, दोनों सदनों में डेमोक्रेट्स मजबूत

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है. सीनेट में बहुमत गंवाने के बाद हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में भी पार्टी बहुमत के आंकड़े से काफी पीछे रह गई है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 435 सदस्यीय हाउस में डेमोक्रेट्स को 200 सीटें मिली हैं, जबकि रिपब्लिकन 128 सीटों पर सिमटी है और बहुमत के लिए 218 सीटों की जरूरत होती है. वहीं 100 सदस्यीय सीनेट में डेमोक्रेट्स 51 सीटों के साथ बहुमत हासिल करने में सफल रहे हैं. नतीजों को ट्रंप प्रशासन और रिपब्लिकन पार्टी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, जबकि डेमोक्रेट्स के लिए यह महत्वपूर्ण बढ़त के रूप में देखा जा रहा है.
खबर विस्तार से पढ़ें: तेहरान की जगह टेक्सास में हो गया रिजीम चेंज! ट्रंप के हाथ से संसद के दोनों सदनों का कंट्रोल गया

जयपुर की बेटी ने अमेरिका में रचा इतिहास, पिया डांडिया बनीं दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला सांसद

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार और भारतीय मूल की पिया डांडिया ने फ्लोरिडा के 22वें कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया है. उन्होंने रिपब्लिकन उम्मीदवार केसी अस्कर को हराया और अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित होने वाली दूसरी भारतीय-अमेरिकी महिला बन गईं. पिया के माता-पिता 1980 के दशक में जयपुर से अमेरिका गए थे और उन्होंने अपनी बेटी को भारतीय संस्कृति से जुड़े माहौल में पाला. हार्वर्ड विश्वविद्यालय और बोस्टन विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने वाली पिया ने दिल्ली की झुग्गी बस्तियों में बच्चों को पढ़ाने का काम भी किया था.
खबर विस्तार से पढ़ें: कौन हैं पिया डांडिया? जिन्होंने US मिडटर्म चुनाव में ट्रंप के करीबी को हरा रचा इतिहास, जयपुर से खास रिश्ता

टेक्सास में 36 साल बाद डेमोक्रेट्स की वापसी, ट्रंप की पार्टी को सबसे बड़ा झटका

अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को टेक्सास में बड़ा झटका लगा है. लंबे समय से रिपब्लिकन गढ़ रहे टेक्सास में डेमोक्रेटिक पार्टी ने 36 साल बाद गवर्नर पद पर जीत दर्ज की, जबकि 33 साल बाद सीनेट सीट भी अपने नाम कर ली. डेमोक्रेट उम्मीदवार जीना हिनोजोसा ने मौजूदा गवर्नर ग्रेग एबॉट को हराया, वहीं जेम्स टालारिको ने सीनेट चुनाव जीता. राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक महंगाई, बढ़ती जीवन-यापन लागत, हिस्पैनिक वोटरों का बदला रुझान और ट्रंप प्रशासन के प्रति बढ़ती नाराजगी रिपब्लिकन हार की बड़ी वजहें रहीं.

आयुष्मान खुराना को मिली जान से मारने की धमकी, लॉरेंस गैंग के नाम पर मांगी करोड़ों की रंगदारी

बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना को कथित तौर पर एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला है, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताते हुए करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज का मिलान आपराधिक रिकॉर्ड में मौजूद एक संदिग्ध शख्स की आवाज से किया जा रहा है. हाल के दिनों में फिल्म इंडस्ट्री के कई कलाकारों को धमकी और स्टॉकिंग की घटनाओं का सामना करना पड़ा है. कुछ दिन पहले तुषार कपूर को भी इसी तरह का ऑडियो संदेश मिला था, हालांकि शुरुआती जांच में वह फर्जी पाया गया था. 

सुप्रीम कोर्ट ने रोकी कमिश्नर की सैलरी तो एक्शन में आई BMC, बोरीवली में तोड़ीं 27 अवैध दुकानें

सुप्रीम कोर्ट की कड़ी नाराजगी और अवमानना नोटिस के बाद मुंबई के बोरीवली ईस्ट में BMC ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 अवैध व्यावसायिक दुकानों को ध्वस्त कर दिया. यह अतिक्रमण 3400 वर्गमीटर के उस भूखंड पर था, जिसे BEST बस डिपो के लिए आरक्षित किया गया है. कार्रवाई ऐसे समय हुई जब कोर्ट ने कथित देरी को लेकर BMC कमिश्नर अश्विनी भिड़े और अन्य अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सैलरी फ्रीज करने का आदेश दिया था. पुलिस सुरक्षा के बीच 70 कर्मचारियों और इंजीनियरों की टीम ने JCB और डंपरों की मदद से अतिक्रमण हटाया. इस कार्रवाई को कोर्ट के दबाव के बाद BMC की त्वरित प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है.

निर्मला सप्रे दलबदल मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, विधानसभा अध्यक्ष को 2 महीने में फैसला लेने का निर्देश

मध्य प्रदेश की बीना विधायक निर्मला सप्रे के खिलाफ दायर दलबदल याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने विधानसभा अध्यक्ष को दो महीने के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया है. कांग्रेस नेता और विधानसभा में विपक्ष के नेता उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि 2023 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाली सप्रे बाद में BJP में शामिल हो गईं. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत दायर दलबदल मामलों का शीघ्र निपटारा होना चाहिए और फैसले में अनावश्यक देरी उचित नहीं है. यह याचिका जुलाई 2024 से लंबित है. अदालत के निर्देश के बाद अब इस मामले के जल्द निपटारे की उम्मीद बढ़ गई है.

पंचकूला स्कूल मारपीट मामलाः 8 दिन बाद PGI से डिस्चार्ज हुई मासूम, जीत ली जिंदगी की जंग

पंचकूला के स्कूल में खौफनाक हमले को झेलने वाली मासूम आज 8 दिन बाद हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गई. इस मासूम को जिस बेदर्दी से मारा गया, उसे देखकर हर कोई दहल गया. गंभीर रूप से घायल हुई बच्ची को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया गया था. जहां 8 दिनों तक वो जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ती रही. इस बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को देखकर देश भर से उसके लिए दुआएं मांगी गई थी. बच्ची की जिंदादिली, डॉक्टर की मेहनत, परिजनों की प्रार्थना और लोगों की दुआओं का असर दिखा. बच्ची को गोद में लेकर उसके रिश्तेदार हॉस्पिटल से निकले.   

शेयर बाजार में अचानक आई रौनक, अमेरिकी बाजार में गिरावट 5 दिन में सेंसेक्स 4000 अंक उछला

अमेरिकी बाजारों में लगातार गिरावट के बावजूद भारतीय शेयर बाजार ने पिछले पांच कारोबारी सत्रों में जोरदार वापसी की है और सेंसेक्स करीब 4000 अंक चढ़ चुका है. इस तेजी के पीछे कच्चे तेल की कीमतों में नरमी, मजबूत GST कलेक्शन, कंपनियों के बेहतर तिमाही नतीजे, घरेलू निवेशकों की लगातार खरीदारी और LTCG टैक्स में संभावित राहत की उम्मीद जैसे कारक बताए जा रहे हैं. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के LTCG टैक्स पर पुनर्विचार वाले बयान ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है. हालांकि बाजार में सुधार के बावजूद निफ्टी अब भी अपने ऑल-टाइम हाई से करीब 10% नीचे है

विराट कोहली का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड...सचिन, पोंटिंग और संगकारा से आगे निकले

भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहले वनडे के दौरान विराट कोहली ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली. कोहली वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पोजिशन पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए और उन्होंने विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने वनडे क्रिकेट के कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया. लंबे समय से नंबर-3 पर भारतीय बल्लेबाजी की रीढ़ रहे कोहली ने अपनी निरंतरता, रन बनाने की भूख और मैच जिताऊ पारियों के दम पर यह मुकाम हासिल किया है. यह रिकॉर्ड उनके शानदार करियर में एक और बड़े अध्याय के रूप में जुड़ गया है.

बारिश ने रोका भारत का विजय रथ, रोहित शून्य पर आउट; कोहली-गिल क्रीज पर डटे

पहले वनडे में न्यूजीलैंड को 185 रन पर समेटने के बाद भारत जीत की ओर बढ़ता नजर आ रहा था, लेकिन बारिश ने मैच में रुकावट डाल दी. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को पहला झटका रोहित शर्मा के रूप में लगा, जो बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद विराट कोहली (29*) और कप्तान शुभमन गिल (17*) ने पारी संभाली, लेकिन बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा. इससे पहले अर्शदीप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि गुरनूर बरार ने 3 और अंशुल कंबोज ने 2 विकेट झटके. न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट (38) और ग्लेन फिलिप्स (30) ने कुछ संघर्ष किया, जबकि 10वें नंबर पर उतरे ब्लेयर टिकनर ने 23 गेंदों में 34 रन बनाकर टीम को 185 तक पहुंचाया.  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Top 10 News, US Midterm Elections, Ayushmann Khurrana, Virat Kohli World Record
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com