अपनी करिश्माई और विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरी दुनिया को हैरान करने वाले 15 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को भारत की इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली 5 टी20 मैचों की सीरीज के दौरान अलग ड्रेसिंग रूम दिया जाएगा. यह व्यवस्था इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) दोनों द्वारा तय की गई अंडर-16 सुरक्षा की सख्त दिशा-निर्देश के मुताबिक है. हालांकि, वैभव भारतीय टीम का ड्रेसिंग रूम भी इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इस सूरत में जब वह चेंज कर रहे होंगे तो बाकी खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम में नहीं होंगे.
इंग्लैंड बोर्ड का आया रिएक्शन
आयरलैंड के खिलाफ भारत के 2 टी20 मैचों की सीरीज के दौरान भी ऐसी ही पाबंदियां लागू होंगी. भारत और आयरलैंड के बीच स्टॉर्मोंट के सिविल सर्विस क्रिकेट ग्राउंड में सीरीज के दोनों मैच होने हैं और इस मैदान पर भारत को पवेलियन में तीन अलग कमरे दिए गए हैं. और उन्हें संबंधित कानूनों के बारे में बताया गया है.
वहीं अब इस मामले में इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड का रिएक्शन भी आया है. ईसीबी की मानें तो तकनीकि तौर पर इसके लिए अलग चेंजिंग रूम होना ज़रूरी नहीं है, हो सकता है कि वह पहले चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करें और उसके बाद बाकी सीनियर्स खिलाड़ी करें. लेकिन ज़ाहिर है कि एक अलग चेंजिंग रूम सबसे व्यावहारिक विकल्प होगा." सूर्यवंशी को टीम मीटिंग, रणनीति पर चर्चा और मैच के दिन बातचीत के लिए मुख्य भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में जाने की इजाजत है.
भारतीय टीम अधिकारी के संपर्क में ईसीबी
इससे पहले ईएसपीएनक्रिकइन्फो ने ईसीबी अधिकारी के हवाले से दावा किया था,"क्रिकेट रेगुलेटर भारतीय टीम के टीम लायजन ऑफिसर के संपर्क में है ताकि खिलाड़ी के यूके में रहने के दौरान उसकी जरूरतों और उम्मीदों पर चर्चा की जा सके."
सूर्यवंशी के माता-पिता पूरे यूके दौरे पर उनके साथ रहेंगे. वे टीम के आधिकारिक होटलों में रहेंगे. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने पहले कहा था कि वह वैभव के माता-पिता की यात्रा और रहने का खर्च पूरी तरह से स्पॉन्सर करेंगे.
ईसीबी ने आगे कहा,"हमारी समझ से खिलाड़ी के माता-पिता हर समय उसके साथ करेंगे. वे उसी होटल में रुक रहे हैं, जो आम प्रोटोकॉल से बाहर है, लेकिन इस बार उसकी उम्र की वजह से ऐसा करने पर सहमति बनी. इस अतिरिक्त कदम से हमें और भरोसा होता है कि उसके परिवार के सदस्य हैं जो उसे अतिरिक्त सहायता और देखभाल दे सकते हैं."
अंडर-16 खिलाड़ियों पर ईसीबी नीति क्या है?
ईसीबी सुरक्षा नीति स्पष्ट रूप से यूनाइटेड किंगडम में स्थानीय कानूनों द्वारा निर्धारित नीतियों का पालन करते हुए 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ी को वयस्क खिलाड़ियों के साथ चेंजिंग रूम और शॉवर सुविधाओं को साझा करने से रोकती है.यूनाइटेड किंगडम में, नियमों का पालन हो रहा है या नहीं, इसकी देखरेख क्रिकेट नियामक नामक एक स्वतंत्र निकाय द्वारा की जाती है. वे टीम के आने से पहले प्रत्येक वेन्यू पर स्थानीय काउंटी सुरक्षा अधिकारियों के साथ काम करते हैं.
यूरोपियन फुटबॉल में ऐसे अलग प्रोटोकॉल आम हैं, जहां आर्सेनल के मैक्स डाउमैन जैसे कम उम्र के एथलीट को 16 साल का होने तक अलग चेंजिंग रूम का इस्तेमाल करना पड़ता था. हालांकि सूर्यवंशी पहले बिहार में अपने टीम-मेट्स, आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और इंडिया ए के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुके हैं.
क्या ICC इस मामले में दखल दे सकता है?
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल इस फैसले में शामिल नहीं हो सकता क्योंकि यह एक बाइलेटरल सीरीज़ है जिसे सबसे बड़ी संस्था मैनेज नहीं कर रही है. इस मामले से जुड़े एक सोर्स ने न्यूज़ पोर्टल को बताया,"सुरक्षा नियम बाइलेटरल सीरीज़ पर लागू नहीं होते हैं. इंडिया बनाम इंग्लैंड सीरीज़ कोई ICC इवेंट नहीं है, और U16 क्रिकेटरों के लिए कोई खास रेगुलेशन नहीं हैं." रिपोर्ट में आगे कहा गया,"यह साफ़ तौर पर UK का कानून है, और ICC का इस मामले में कोई दखल नहीं है."
यह भी पढ़ें: छोटे भाई आशीर्वाद ने फिर जमाया तूफानी शतक, वैभव सूर्यवंशी ने किया रिएक्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं