Dale Steyn on Rishabh Pant Captaincy; KKR vs LSG: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मिली हार ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खेमे में हलचल मचा दी है. जहाँ एक तरफ टीम लगातार पांचवीं हार से जूझ रही है, वहीं दूसरी तरफ कप्तान ऋषभ पंत द्वारा सुपर ओवर में लिए गए फैसलों की कड़ी आलोचना हो रही है. अब इस कड़ी में दक्षिण अफ्रीका के महान तेज गेंदबाज डेल स्टेन का नाम भी जुड़ गया है, जिन्होंने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत के दौरान पंत की रणनीति की जमकर धज्जियां उड़ाई हैं.
"आउट ऑफ फॉर्म बल्लेबाज को भेजना बड़ी गलती"
डेल स्टेन ने साफ शब्दों में कहा कि सुपर ओवर में निकोलस पूरन को बल्लेबाजी के लिए भेजना एक बहुत बड़ी रणनीतिक चूक थी. स्टेन के अनुसार, जब टूर्नामेंट ऐसे नाजुक मोड़ पर हो जहाँ आपको हर हाल में जीत चाहिए, तब आप एक ऐसे खिलाड़ी पर दांव नहीं लगा सकते जिसने पूरे सीजन में रन न बनाए हों. स्टेन ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि निकोलस पूरन को भी अपनी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह भरोसा होगा कि वह बाउंड्री लगा सकते हैं. आपको उस बल्लेबाज को भेजना चाहिए था जो गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा रहा हो और जिस पर टीम को पूरा भरोसा हो."
सीजन को पटरी पर लाने का यह तरीका नहीं
स्टेन इस बात से काफी दुखी दिखे कि इतने बड़े स्तर पर ऐसी गलतियां की जा रही हैं. उन्होंने आगे कहा, "यह वाकई दुखद है क्योंकि पूरन एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं, लेकिन जब आप अपने गिरते हुए सीजन को फिर से जिंदा करना चाहते हैं, तो आप इस तरह की गलतियां नहीं करते." गौरतलब है कि सुनील नरेन जैसे चतुर स्पिनर के सामने पूरन पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए, जिसके बाद लखनऊ की टीम सुपर ओवर में सिर्फ 1 रन ही बना सकी.
पंत के फैसलों ने बढ़ाई मुश्किलें
मैच में रिंकू सिंह के सामने आखिरी ओवर में स्पिनर से गेंदबाजी कराना और फिर सुपर ओवर में बल्लेबाजी क्रम का चुनाव, ऋषभ पंत के इन दो फैसलों ने लखनऊ की हार की कहानी लिख दी. केकेआर ने रिंकू सिंह के चौके की मदद से पहली ही गेंद पर जीत हासिल कर ली. लगातार पांच हार के बाद अब लखनऊ के लिए प्लेऑफ की राह लगभग नामुमकिन नजर आ रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं