पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम ने इंटरनेशनल लीग टी20 (ILT20) में शानदार पारी खेलते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. शारजाह वॉरियर्स के खिलाफ 86 रन बनाने के साथ ही बाबर ने T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 80 या उससे अधिक रन बनाने के मामले में विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया. शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में डेजर्ट वाइपर्स ने शारजाह वॉरियर्स को 6 विकेट से हराया. 167 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बाबर आजम ने 51 गेंदों में 13 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 86 रन की शानदार पारी खेली. उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 17.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया.
इस पारी के साथ बाबर आजम के करियर में 80 या उससे अधिक रन की पारियां 31 हो गई हैं. वह अब इस सूची में जोस बटलर, जेम्स विंस और डेविड वॉर्नर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. विराट कोहली के नाम 30 ऐसी पारियां दर्ज हैं.
T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 80+ रन की पारी
क्रिस गेल 48
बाबर आजम 31
जोस बटलर 31
जेम्स विंस 31
डेविड वॉर्नर 31
विराट कोहली 30
मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए शारजाह वॉरियर्स की टीम 20 ओवर में 166 रन पर सिमट गई. टीम के लिए पॉल वॉल्टर ने 43 गेंदों पर 75 रन बनाए. वहीं जेम्स विंस ने 23 और टिम सिफर्ट ने 17 रन का योगदान दिया. डेजर्ट वाइपर्स की ओर से कप्तान शादाब खान ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके. के. तनवीर ने भी 3 विकेट हासिल किए, जबकि टॉम कुर्रन को 2 विकेट मिले.
जवाब में डेजर्ट वाइपर्स ने बाबर आजम की कप्तानी पारी और जोए क्लार्क के 35 रन की बदौलत लक्ष्य हासिल कर लिया. बाबर और क्लार्क ने तीसरे विकेट के लिए 82 रन जोड़कर टीम की जीत की नींव रखी. बाबर को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
यह भी पढ़ें | सचिन तेंदुलकर नंबर 4, सहवाग-गावस्कर ओपनर, नंबर 3 द्रविड़, आकाश चोपड़ा ने चुनी भारत की ऑल टाइम टेस्ट प्लेइंग-11
यह भी पढ़ें | 'बेतुके स्तर पर व्हाइट-बॉल क्रिकेट ', संजय मांजरेकर ने वैभव सूर्यवंशी के 204 रनों की पारी देखकर उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं