विज्ञापन

IND vs ENG: दूसरे वनडे में हार के बाद कप्तान शुभमन गिल का बयान, इस गलती को बताई सबसे बड़ी वजह

भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम दूसरे वनडे में बुरी तरह से फेल रहा और पूरी टीम सिर्फ 233 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

IND vs ENG: दूसरे वनडे में हार के बाद कप्तान शुभमन गिल का बयान, इस गलती को बताई सबसे बड़ी वजह
Shubman Gill on Team India Lose vs England:

Shubman Gill on Team India Lose vs England: भारत को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. सोफिया गार्डन्स के मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की पूरी टीम सिर्फ 233 रन बनाकर ऑलआउट हुई. इसके बाद इंग्लिश टीम ने 234 रनों के लक्ष्य को 6 विकेट खोकर 44.1 ओवर में हासिल कर लिया. कप्तान शुभमन गिल टीम के प्रदर्शन से नाखुश नजर आए.  

मैच के बाद शुभमन गिल ने कहा, "सच कहूं तो यह बहुत निराशाजनक प्रदर्शन था. हमने 25 ओवर के बाद सोचा था कि 300, 310 का स्कोर अच्छा रहेगा. हम अच्छी स्थिति में थे. हालांकि, हमने बीच के ओवरों में बहुत ज्यादा विकेट गंवाए." लगातार गुच्छों में विकेट गंवाने के सवाल पर भारतीय कप्तान ने कहा, "मेरा मतलब है कि हमारे पुछल्ले बल्लेबाज ज्यादा बैटिंग करना नहीं जानते हैं. हालांकि, मुझे लगता है कि हमने अपने लोअर मिडिल ऑर्डर से थोड़ी ज्यादा उम्मीद की थी और हम उस शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए जो हमें मिली थी. उम्मीद है कि अगली बार जब हम वहां पहुंचेंगे, तो हम कुछ छोटी पार्टनरशिप बनाने की कोशिश करेंगे और वहां से आगे बढ़ेंगे."

वॉशिंगटन सुंदर की चोट पर बात करते हुए गिल ने कहा, "देखिए, वह हमारी टीम का एक अहम हिस्सा हैं. मुझे लगता है कि मिड-ऑफ की तरफ रन लेते समय बैटिंग करते वक्त उन्हें चोट लगी और शायद दबाव बढ़ने की वजह से भी ऐसा हुआ होगा. हमें पूरी इनिंग में अपने मुख्य गेंदबाजों से ही गेंदबाजी करवानी पड़ी. मगर मुझे नहीं लगता कि इससे कोई बहुत बड़ा फर्क पड़ा, क्योंकि तेज गेंदबाजों के लिए गेंद अच्छी तरह से हरकत कर रही थी. हालांकि, जब आप ऐसे अहम खिलाड़ी को खो देते हैं, तो आपको अपनी रणनीतियां बदलनी पड़ती हैं, यह तय करना पड़ता है कि कौन गेंदबाजी करेगा. तो उस लिहाज से यकीनन हमारी लय थोड़ी ज़रूर बिगड़ी."

भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम दूसरे वनडे में बुरी तरह से फेल रहा. सिर्फ विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ही इंग्लैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना कर सके. कोहली ने 66 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 65 रन बनाए, जबकि अय्यर ने 66 रनों की दमदार पारी खेली. रोहित शर्मा (26 रन) और शुभमन गिल (31 रन) अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे.

वहीं, ईशान किशन (1 रन), वॉशिंगटन सुंदर (2 रन) और अक्षर पटेल ( 1 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके. इंग्लैंड की ओर से जो रूट ने 99 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया. वहीं, विल जैक्स ने 30 रनों का योगदान दिया.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shubman Singh Gill, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com