विज्ञापन

लव मैरिज पर खाप पंचायत ने सुना दिया फैसला, 21 लाख रुपये का जुर्माना, समाज से बहिष्कार

राजस्थान में लव मैरिज करने पर खाप पंचायत ने बड़ा फैसला सुनाया है. पंचायत में पंच पटेलों ने 21 लाख रुपये का जुर्माना भरने को कहा है. साथ ही जुर्माना न देने पर समाज से बहिष्कार करने का फैसला दिया है.

लव मैरिज पर खाप पंचायत ने सुना दिया फैसला, 21 लाख रुपये का जुर्माना, समाज से बहिष्कार
लव मैरिज पर खाप पंचायत ने सुना दिया फैसला

राजस्थान के दौसा जिले में एक युवती को लव मैरिज का करना भारी पड़ गया है. युवती के लव मैरिज करने पर 84 गांवों की खाप पंचायत ने 21 लाख रुपये का भारी भरकम जुर्माना लगा दिया है. साथ ही जुर्माने की राशि न देने पर परिवार को सामाजिक बहिष्कार की चेतावनी दी गई है. अब खाप पंचायत के इस फैसले ने विवाद का रूप ले लिया है. उधर प्रेम विवाह (लव मैरिज) करने वाले वाली युवती ने वीडियो जारी करके अपनी जान खतरा बताया और पुलिस से मदद की गुहार लगाई है. 

24 मई को हुई थी लव मैरिज

दरअसल, यह मामला दौसा जिले के लालसोट में रामगढ़ पचवारा इलाके का है. परिजनों ने बताया कि युवक और युवती एक दूसरे को पहले से जानते थे. युवती के घर वालों ने उसकी शादी इसी साल अप्रैल में दूसरे युवक से कर दी. इसके बाद युवती ने एक महीने बाद 24 मई 2026 को प्रेमी युवक के साथ चली और दोनों लव मैरिज कर ली. फिर एक साथ रहने का फैसला लिया. 

21 लाख रुपये का लगाया जुर्माना

इधर युवक और युवती के लव मैरिज करने की बात समाज को नागवार गुजरी और फिर खाप पंचायत बुलाई गई. युवक के चाचा के अनुसार, 13-14 जुलाई को कोसी बड़ी में खाप पंचायत हुई थी. जिसमें समाज के लोग और कई पंच पटेल शामिल हुए. इस दौरान पंचायत ने लव मैरिज करने पर युवक पर 21 लाख रुपये जुर्माना भरने का फैसला सुना दिया. जब युवक के परिवार ने जुर्माना भरने से इनकार कर दिया तो उसे समाज से बहिष्कृत करने का भी फरमान जारी कर दिया गया.

3 पंचों पर 5 लाख रुपये का दंड 

इतना ही नहीं तीन पंचों पर भी 5 लाख 51 हजार रुपये प्रति व्यक्ति का दंड लगाए जाने की बात सामने आई. पंचायत की बैठक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. अब युवक के साथ लव मैरिज करने वाली युवती ने वीडियो जारी करके पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है. उसने अपने पीहर और ससुराल पक्ष से जान का खतरा बताया है. इसके साथ ही युवती ने कहा कि उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है. 

फिलहाल रामगढ़ पचवारा थाना पुलिस ने युवक के परिजनों की शिकायत पर 8 नामजद सहित करीब 125 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. थानाधिकारी मदन लाल मीणा ने बताया कि महिला की ओर से भी प्रार्थना पत्र देकर जान का खतरा जताया गया था. इसके बाद पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ इस्तगासा पेश कर उन्हें पाबंद कराया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढे़ं-

शादीशुदा औरत से प्यार में पागल युवक को प्रेमिका पर था शक, प्रेमी ने की हत्या, जंगल में फेंका शव

पति कारपेंटर और पत्नी BSF जवान, अब UN की शांति सेना के साथ कांगो मिशन पर जा रहीं मंजू जांगिड़

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Rajasthan Khap Panchayat, Khap Panchayat, Meena Samaj Mahapanchayat, Dausa News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com