भारत के पूर्व स्टार खिलाड़ी दिनेश कार्तिक ने हाल ही में इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट का समर्थन करते हुए कहा है कि वे टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का महान सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं. सचिन ने 2013 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था और वह टेस्ट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज के तौर पर रिटायर हुए थे. 15,921 टेस्ट रनों का उनका रिकॉर्ड आज भी कायम है. हालांकि, इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान जो रूट लगातार इस आंकड़े के करीब पहुंच रहे हैं. उन्होंने 169 मैचों में अब तक 14,278 रन बनाए हैं और उनके पास अभी काफी समय है. जो रूट के लगातार शानदार प्रदर्शन और इंग्लैंड के व्यस्त टेस्ट शेड्यूल को देखते हुए, यह कहना गलत नहीं होगा कि वह जल्दी ही इस रिकॉर्ड तो तोड़ देंगे.
जो रूट तोड़ देंगे सचिन का रिकॉर्ड!
भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का भी यही मानना है. जो रूट क्या सचिन का रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे? इस पर दिनेश कार्तिक ने क्रिकबज पर कहा,"अच्छा मौका है. इंग्लैंड में बहुत ज्यादा टेस्ट क्रिकेट खेला जाता है. उनका खेल अभी बहुत बेहतरीन है. जब भी वह बल्लेबाजी करने उतरते हैं, तो आसानी से रन बनाते हैं. मुझे लगता है कि उनके लिए यह करना बहुत मुमकिन है." सचिन से आगे निकलने के लिए रूट को अब बस 1,643 और रनों की जरूरत है. अब तक, उन्होंने 169 टेस्ट खेले हैं और 41 शतक और 69 अर्धशतक लगाए हैं.
क्या कोहली निकल पाएंगे सचिन से आगे?
कार्तिक ने विराट कोहली के सचिन के 100 इंटरनेशनल शतकों के रिकॉर्ड को तोड़ने की कोशिश पर भी अपनी राय दी. वनडे और टेस्ट क्रिकेट, दोनों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी होने के अलावा, सचिन ने अपने इंटरनेशनल करियर का अंत 100 शतकों के अभूतपूर्व रिकॉर्ड के साथ किया था. कोहली ने 2023 वर्ल्ड कप के दौरान सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने का सचिन का रिकॉर्ड तोड़ा था. और वह अब 100 इंटरनेशनल शतक लगाने के माइलस्टोन तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
इस दाएं हाथ के बल्लेबाज़ ने 86 इंटरनेशनल शतक लगाए हैं, जिसमें उनका सबसे हालिया शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की सीरीज के पहले वनडे में आया था. विराट कोहली टी20 और टेस्ट से रिटायर हो चुके हैं और सिर्फ वनडे खेल रहे हैं, इसलिए कार्तिक ने कहा कि उनके लिए सचिन का रिकॉर्ड तोड़ना मुश्किल होगा. कार्तिक ने कहा,"मैं सच में चाहता हूं कि वह ऐसा करें, लेकिन मुझे लगता है कि यह बहुत मुश्किल है."
विराट के पास कितने चांस?
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के बाद कोहली का अगला असाइनमेंट न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच वनडे मैचों की सीरीज होगी, जिसकी शुरुआत 4 नवंबर से हो रही है. अगले साल 2 अक्टूबर से शुरू होने जा रहे वर्ल्ड कप से पहले कोहली के पास अधिकतम 15-20 वनडे मैच होंगे, जिसमें एशिया कप के मुकाबले भी शामिल है. इसके अलावा भारतीय टीम अगर वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल तक पहुंचती है तो कोहली के पास और अधिक मौके होंगे. अगर किंग कोहली के रिकॉर्ड को उठाकर देखें तो वह औसतन 5.5 पारियों में शतक लगाते हैं. ऐसे में कोहली के लिए यह आंकड़ा पार करना बहुत मुश्किल होगा. लेकिन, कोहली ने अगर हर दूसरे वनडे में शतक लगाया तो जरूर वह सचिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकते हैं.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान बोर्ड का बड़ा फैसला: सलमान आगा से कप्तानी छीनी, टीम से भी निकाला, इस स्टार बल्लेबाज को मिली कमान
यह भी पढ़ें: भारत का न्यूजीलैंड दौरा: श्रेयस अय्यर को 2 वनडे की कप्तानी, 7 महीने बाद स्टार गेंदबाज की वापसी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं