हाल ही में क्रिकेट की पैतृक संस्था इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने 'नई प्लेइंग कंडीशंस' के तहत नए नियम जारी किए हैं. ये नियम 1 अक्तूबर से लागू हो चुके हैं. और इन्हीं में से एक बड़ा बदलाव टेस्ट में पिंक बॉल को लेकर है. नई कंडीशन के तहत अगर दोनों टीमों के कप्तान सहमत होते हैं, तो वे मैच से पहले पिंक बॉल से मुकाबला खेलने पर सहमति बना सकते हैं. इन्हीं नियमों को लेकर मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के क्रिकेट हेड फ्रेज़र स्टीवर्ट ने सोमवार को यहां एक मीडिया बातचीत के दौरान क्रिकेट के नियमों से आगे बढ़कर खुलकर बात की.
यह भी पढे़: ICC के नए नियम: खेल और खिलाड़ियों पर होगा बड़ा असर? जानें कब से लागू होंगे नए रूल
उन्होंने कहा, 'आधुनिक क्रिकेट बल्लेबाजों के अनुकूल है और अब ICC के नियमों के अनुसार समय बर्बाद करने पर 5 पेनल्टी रन मिलते हैं. यह नियम हमेशा से मौजूद था.बस इसे बहुत कम लागू किया जाता था. मुझे लगता है कि अब ICC ने कहा है कि ठीक है हम इस पर थोड़ा सख्ती से काम करने जा रहे हैं.' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि खेल को तेज करने के लिए हम जितना अधिक प्रयास कर सकें, उतना ही बेहतर है. अन्यथा जो दर्शक क्रिकेट देखने के लिए बहुत सारा पैसा देते हैं, उन्हें खुद को ठगा हुआ महसूस होता है.'
दिन के समय खेले जाने वाले टेस्ट मैचों में गुलाबी गेंद के ट्रायल पर उन्होंने कहा, 'यह क्रिकेट का नियम होने से ज्यादा ICC की खेलने की स्थिति है. मेरा मानना है कि किसी द्विपक्षीय सीरीज में मान लीजिए भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया मैच हो रहा है, तो यह उन दोनों पर निर्भर करता है कि वे किसी विशेष मैच के लिए आपसी सहमति बनाएं कि क्या वे गुलाबी गेंद का उपयोग करने जा रहे हैं?' उन्होंने कहा, 'कुछ लोगों ने सोचा है कि आप लाल गेंद से शुरुआत कर सकते हैं और फिर जब थोड़ा अंधेरा होने लगे, तो गुलाबी गेंद पर स्विच कर सकते हैं. मेरी समझ के अनुसार ऐसा नहीं होने जा रहा है. दोनों पक्षों को सहमत होना होगा और यदि वे गुलाबी गेंद से खेलने के लिए खुश हैं तो शायद इसलिए क्योंकि उनका मानना है कि इसका मतलब खराब मौसम के बाद भी अधिक समय तक खेल जारी रखा जा सकता है.'
F & Q= FREQUENTLY ASKED QUESTIONS
Q1. ICC के नए नियम और बदलाव कब से प्रभावी हुए हैं?
उत्तर: ICC के नए नियम और खेलने की स्थितियां 1 अक्टूबर से प्रभावी हो गई हैं।
Q2. क्या मैच के दौरान लाल गेंद से शुरू करके अंधेरा होने पर गुलाबी गेंद से खेलने का नियम है?
उत्तर: नहीं, मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के अधिकारी के अनुसार ऐसा नहीं है. दोनों टीमों को आपसी सहमति से पूरे मैच के लिए या तो लाल या गुलाबी गेंद से खेलने का फैसला करना होगा.
Q3. खेल के दौरान समय बर्बाद करने पर क्या सजा का प्रावधान है?
उत्तर: समय बर्बाद करने पर बाद में सिर्फ आर्थिक जुर्माना लगाने के बजाय खेल के दौरान ही विरोधी टीम को 5 पेनल्टी रन दिए जाएंगे।
Q4. दिन के समय खेले जाने वाले टेस्ट मैचों में गुलाबी गेंद के इस्तेमाल का फैसला कौन करता है?
उत्तर: यह MCC का कोई नियम नहीं बल्कि ICC की प्लेइंग कंडीशन है. द्विपक्षीय सीरीज (जैसे भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच) में दोनों टीमों को आपसी सहमति से यह तय करना होता है कि वे किसी विशेष मैच में गुलाबी गेंद का इस्तेमाल करेंगी या नहीं.
Q5. धीमी ओवर रेट (Over rate) से निपटने के लिए नियमों के तहत क्या कार्रवाई की जाती है?
उत्तर: यदि अंपायरों को लगता है कि खेल की गति धीमी है (चाहे वह फील्डिंग पक्ष हो या बल्लेबाजी पक्ष), तो वे चेतावनी दे सकते हैं, जिसके बाद नियमों के तहत पेनल्टी रन काटे जा सकते हैं. अंपायरों को इस पर सख्ती से अमल करने और मैच रेफरी के समर्थन की आवश्यकता होती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं