BCCI's review meeting: भारत का क्रिकेट नेतृत्व इस सप्ताह मुंबई में एक अहम बैठक के लिए एकत्र होने जा रहा है. और इसे एक सामान्य समीक्षा बैठक (पोस्ट-मॉर्टम) से कहीं अधिक माना जा रहा है. हाल ही में मैदान पर मिले खराब दौर के बाद आगे की राह तय करने के लिए बीसीसीआई (BCCI) सचिव देवजीत सैकिया के गुरुवार को मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ बैठक का कार्यक्रम है. बैठक में बिग थ्री (गंभीर, अगरकर और लक्ष्मण) भी हिस्सा लेंगे. एक अग्रणी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार बैठक का मुख्य कारण आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों के दौरान भारत की हालिया हार है. हालांकि इस बातचीत में केवल यह विश्लेषण करने से कहीं आगे की चर्चा होने की उम्मीद है कि इन दौरों में क्या गलत गया. इस मीटिंग में आगामी न्यूजीलैंड श्रृंखला और 2027 विश्व कप के लिए दीर्घकालिक योजनाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा. सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के वर्तमान प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण भी इस बैठक में शामिल हो सकते हैं, क्योंकि एजेंडे का एक बड़ा हिस्सा उन खिलाड़ियों के इर्द-गिर्द घूमता है जो वर्तमान में वहां काम कर रहे हैं.
अफगानिस्तान सीरीज के लिए देखें भारतीय टीम
बोर्ड के एक करीबी सूत्र के अनुसार इस बैठक का महत्व एक सामान्य समीक्षा से कहीं अधिक है. टीम प्रबंधन द्वारा अपनी आवश्यकताओं और रोडमैप को सीधे बोर्ड के सामने रखे जाने की उम्मीद है. इसमें बार-बार होने वाली सिरदर्दी मसलन महत्वपूर्ण दौरों के लिए पूरी तरह से फिट टीम मैदान में उतारना पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
'फिट टीम' रहेगा एक अहम मुद्दा
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मुद्दा हाल ही में तब गंभीर रूप से सामने आया जब श्रीलंका दौरे की टीम को अंतिम रूप देने से कुछ ही दिन पहले मुख्य चयनकर्ता जसप्रीत बुमराह के अनफिट होने की स्थिति से अनजान थे. इस कारण स्थिति स्पष्ट करने के लिए ईमेल का आदान-प्रदान करना पड़ा था. यहां तक कि अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में घोषित टी20आई (T20I) श्रृंखला में भी ऐसी ही अनिश्चितता बनी हुई है, जहां चार खिलाड़ियों की भागीदारी अभी भी फिटनेस मंजूरी के अधीन है.
न्यूजीलैंड दौरे को लेकर विशेष चर्चा
बैठक का अधिकांश ध्यान अक्टूबर और नवंबर में भारत के न्यूजीलैंड के चुनौतीपूर्ण दौरे पर केंद्रित रहने की उम्मीद है, जिसमें पांच वनडे (ODI), पांच टी20आई (T20I) और दो महत्वपूर्ण टेस्ट मैच शामिल हैं. वे दो टेस्ट अत्यधिक महत्व रखते हैं, क्योंकि भारत को विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के फाइनल में क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखने के लिए दोनों में जीत दर्ज करनी होगी, जिसके लिए पूरी तरह से मजबूत टीम की उपलब्धता आवश्यक हो जाती है.
पांच पेसरों का एजेंडा भी मीटिंग में
विशेष रूप से तेज गेंदबाजों की फिटनेस की बारीकी से जांच की जा रही है. रिपोर्ट के अनुसार भारत का टीम प्रबंधन फिलहाल पांच प्रमुख तेज गेंदबाजों को न्यूजीलैंड ले जाने की योजना बना रहा है. इसमें मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, जसप्रीत बुमराह और आकाश दीप शामिल होंगे. गुरुवार की बैठक में यह आंकलन किया जाएगा कि शारीरिक रूप से इनमें से प्रत्येक खिलाड़ी किस स्थिति में है और उनकी भूमिकाएं कैसे तय की जा सकती हैं. आकाश दीप फिलहाल अनफिट हैं, जबकि श्रीलंका में सिराज के हालिया फॉर्म ने अलग तरह की चिंता पैदा कर दी है.श्रीलंका में उनकी गेंदों की गति 130 किमी/घंटा से नीचे दर्ज की गई थी. इसे लेकर प्रबंधन चिंता में है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं