बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के अध्यक्ष तमीम इकबाल को भविष्य में भारत के खिलाफ घरेलू व्हाइट-बॉल सीरीज आयोजित करने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि दोनों बोर्ड अपने व्यस्त शेड्यूल में इसके लिए उचित विंडो की तलाश कर रहे हैं. इस प्रस्तावित दौरे में अगस्त-सितंबर में 3 वनडे और इतने ही टी20 मैच होने थे, लेकिन 13 सितंबर से शुरू होने वाली भारत और अफगानिस्तान की टी20 सीरीज के कारण बांग्लादेश के साथ होने वाले मैच टल गए.
तमीम ने यूट्यूब चैनल 'नॉट आउट नोमान' पर कहा,"अभी यह तय नहीं हुआ है कि (भारत के खिलाफ सीरीज) नहीं होगी. मैं आपको एक जानकारी देता हूं. दोनों बोर्ड इसे लेकर बहुत गंभीर हैं. बीसीसीआई और बीसीबी दोनों ही सही समय (विंडो) देख रहे हैं कि उस समय क्या किया जा सकता है." उन्होंने कहा, "हम एक तारीख के बारे में सोच रहे हैं कि क्या उस समय यह हो सकता है या नहीं. अगर इरादा नकारात्मक होता, तो आज मैं आपसे यह बात नहीं कहता कि 'देखते हैं क्या होता है, हमें उम्मीद है. मैं यह शब्द भी नहीं कहता. इरादे बहुत सकारात्मक हैं."
इस साल की शुरुआत में भारत में होने वाले 2026 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप से पहले दोनों क्रिकेट बोर्ड के बीच रिश्ते खराब हो गए थे. सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बांग्लादेश ने अंततः टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था. इस विवाद से पहले तेज गेंदबाज मुस्तफिज़ुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ उनके आईपीएल 2026 कॉन्ट्रैक्ट से रिलीज कर दिया गया था.
इस घटनाक्रम पर तमीम ने माना कि संकट को संभालने में बांग्लादेश के प्रशासन से गलती हुई थी और कहा कि राजनीतिक विवादों की वजह से बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों पर असर नहीं पड़ना चाहिए. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हम इस मामले को और बेहतर ढंग से सुलझा सकते थे. देखिए, मुस्तफिजुर का मामला ऐसा था जिससे पूरा देश निराश था. मैं आज भी यही कहता हूं; मैंने उस दिन भी कहा था कि ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था. यह किसी भी तरह से सही नहीं था. ऐसा कभी नहीं किया जाना चाहिए था. उस समय मैंने इसका समर्थन किया था.
तमिम ने आगे कहा,"मैं अब भी यही कह रहा हूं, लेकिन हम वर्ल्ड कप खेलने जा रहे हैं. जब हम पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई हुए थे, तो बांग्लादेश में हर किसी ने जबरदस्त जश्न मनाया था. हो सकता है कि अब टी20 वर्ल्ड कप हर दो साल में होता हो, या हर चार साल में, लेकिन यह एक वर्ल्ड कप है जिसमें बांग्लादेश हिस्सा लेने जा रहा है, है ना?"
बांग्लादेश के पूर्व कप्तान की मानें तो,"इसलिए, मुझे लगता है कि हम शायद इसे बेहतर तरीके से संभाल सकते थे. हम शुरू से ही ऐसी स्थिति में पहुंच गए जहां से वापसी मुमकिन नहीं थी. अगर आप पहले ही दिन ऐसी स्थिति में पहुंच जाते हैं, तो समाधान नहीं निकल पाता. मुझे लगता है कि कुछ मामलों में, खेल को खेल ही रहने देना चाहिए."
तमिम ने आगे कहा,"हाल ही में कितनी परेशानियां हुईं, है ना? दो देशों के बीच चल रहे युद्ध के दौरान ईरान अमेरिका में खेलने गया था. मेरा मतलब है, वह इससे कहीं बड़ी बात थी; युद्ध चल रहा था. तो मेरा यही कहना है; मेरा मतलब है, युद्ध चल रहा था. मेरा कहना है कि चाहे जो भी हो, जो कुछ भी हो रहा हो, कौन किस देश में जा रहा है, किस देश में मैच खेला जाना चाहिए, मैं उन बारीकियों में नहीं जा रहा हूं."
उन्होंने कहा,"मुझे लगता है कि कुछ मामलों में, हमें खेल को खेल की तरह ही देखना चाहिए. दुर्भाग्य से, कभी-कभी हम इस दायरे से बाहर चले जाते हैं. हम अक्सर खेल को दूसरी चीजों से भी जोड़ देते हैं. इसलिए जब भी यह विषय उठता है, मैं फिर से वही बात कहता हूं. कि हमें निश्चित रूप से वर्ल्ड कप खेलना चाहिए था. हमें निश्चित रूप से बातचीत बेहतर तरीके से करनी चाहिए थी. बस इतना ही; मैं बहुत कुछ जानता हूं, फिर भी सब कुछ कह नहीं सकता."
यह भी पढ़ें: रोहित यादव नंबर-1, नीरज चोपड़ा के बाद सबसे दूर भाला फेंकने वाले टॉप-4 भारतीय जैवलिन थ्रोअर
यह भी पढ़ें: US ओपन: कौन हैं मारियानो नावोन? अर्जेंटीना के खिलाड़ी जिन्होंने 24 ग्रैंल स्लैम विजेता नोवाक जोकोविच को हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं