विज्ञापन

हार्दिक या शुभमन, गुजरात का बेहतर कप्तान कौन? कोच आशीष नेहरा ने सुनाया अपना फैसला

गुजरात टाइटंस के हेड कोच आशीष नेहरा ने शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या की कप्तानी का अंतर बताया है कि दोनों में क्या अंतर है.

हार्दिक या शुभमन, गुजरात का बेहतर कप्तान कौन? कोच आशीष नेहरा ने सुनाया अपना फैसला
आशीष नेहरा ने बताया है कि शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या की कप्तानी में क्या अंतर है.

गुजरात टाइटंस के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने सोमवार को कहा कि भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल अभी लीडरशिप के मामले में ‘सीखने के दौर' में हैं और अनुभव के साथ उनकी कप्तानी में लगातार सुधार होगा. नेहरा और हार्दिक पांड्या ने 2022 में गुजरात टाइटंस के आईपीएल में डेब्यू के साथ कप्तान-कोच के रूप में सफल साझेदारी की थी. दोनों ने टीम को पहले ही सत्र में चैंपियन बनाया और 2023 में भी फाइनल तक पहुंचाया. पांड्या के टीम से जाने के बाद गिल को गुजरात टाइटंस की कप्तानी सौंपी गई. युवा बल्लेबाज ने पिछले आईपीएल सत्र में टीम को उपविजेता बनाने में अहम भूमिका निभाई.

पांड्या और गिल की कप्तानी की तुलना करते हुए नेहरा ने कहा,"दोनों एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं. आप उत्तर और दक्षिण ध्रुव की बात कर रहे हैं. दोनों ही ऐसे खिलाड़ी थे, जिन्होंने बहुत ज्यादा कप्तानी नहीं की थी. यह कुछ ऐसा ही था, जैसे मैंने भी बहुत ज्यादा कोचिंग नहीं की थी." पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने कहा,"आप समय के साथ सीखते हैं और अचानक कोई खिलाड़ी भारत के लिए दो प्रारूपों में कप्तानी कर रहा होता है. वह समय के साथ बेहतर ही होने वाला है."

नेहरा बंगाल क्रिकेट संघ (सीएबी) के वार्षिक पुरस्कार समारोह में विशेष अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे. नेहरा के मुताबिक पंड्या उन पर पूरी तरह भरोसा करते थे और सीखने के लिए हमेशा तैयार रहते थे. गिल स्वभाव से थोड़े शांत और संकोची हैं, लेकिन सीखने और खुद को बेहतर करने के लिए उतने ही उत्सुक हैं. उन्होंने कहा,"बेशक, गिल अभी सीखने के दौर में हैं. वह केवल 26-27 साल के हैं और ऐसा नहीं है कि उन्होंने कई सालों से कप्तानी की है. उन्हें कप्तानी करते हुए अभी सिर्फ एक-दो सत्र हुए हैं. वह चीजें सीख रहे हैं और बेहतर होते जाएंगे."

बात अगर दोनों की कप्तानी के रिकॉर्ड की करें तो हार्दिक पांड्या की अगुवाई में 2022 में गुजरात टाइटंस अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनी थी. जबकि 2023 में टीम लगातार दूसरे फाइनल में पहुंची थी. हार्दिक की कप्तानी में गुजरात का जीत प्रतिशत लगभग 71 फीसदी थी. हार्दिक की अगुवाई में गुजरात ने 31 मैच खेले थे और 22 में टीम को जीत मिली थी.

2024 में हार्दिक के मुंबई इंडियंस जाने के बाद फ्रेंचाइजी ने शुभमन गिल को टीम की कमान सौंपी. पिछले सीजन गुजरात प्लेऑफ में पहुंची थी. गिल का बतौर कप्तान जीत प्रतिशत 56 फीसदी है. शुभमन गिल की अगुवाई में गुजरात ने 43 मैच खेले हैं और 24 में उसे जीत मिली है.

भारत का मुख्य कोच बनने की महत्वाकांक्षा के बारे में पूछे जाने पर नेहरा ने कहा कि वह भविष्य की भूमिकाओं की योजना नहीं बनाते और फिलहाल गुजरात टाइटंस के साथ अपनी जिम्मेदारी से खुश हैं. उन्होंने कहा,"सबसे पहले तो मैं इसे महत्वाकांक्षा नहीं कहूंगा. मैं कभी चीजों की योजना नहीं बनाता. हां, यह मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य होगा, लेकिन मैं इस तरह की चीजों की योजना नहीं बनाता. भविष्य में देखेंगे. कोई महत्वाकांक्षा नहीं है. मैं जहां हूं, वहां बहुत खुश हूं."

यह भी पढ़ें: शुभमन गिल ने अभिषेक शर्मा की जमकर की कुटाई, फिर ऐसे बने शिकार, रोमांच की सारी हदें हुई पार, सेलिब्रेशन वायरल

यह भी पढ़ें: IIM से पीजी डिप्लोमा, श्रीराम कॉलेज से ग्रेजुएशन...निशानेबाजी ही नहीं, पढ़ाई में भी अव्वल हैं मनु भाकर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ashish Nehra, Shubman Singh Gill, Hardik Himanshu Pandya, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com