विज्ञापन

एकतरफा प्यार, अनबन और फिर रेत दिया गला...दिल्ली में महिला का ट्रायल रूम में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के मोती नगर में शोरूम कर्मचारी 18 वर्षीय शबनम की ट्रायल रूम में गला रेतकर हत्या करने के आरोपी सूरज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वारदात के बाद वह दिल्ली से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उसे दबोच लिया.

एकतरफा प्यार, अनबन और फिर रेत दिया गला...दिल्ली में महिला का ट्रायल रूम में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस शोरूम से CCTV फुटेज की जांच कर रही है ताकि घटनाओं का क्रम फिर से जोड़ा जा सके
NDTV

दिल्ली के मोती नगर में 18 वर्षीय युवती शबनम की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. वारदात के बाद फरार चल रहा आरोपी सूरज दिल्ली से भागने की फिराक में था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल सर्विलांस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया.

पश्चिमी दिल्ली के मोती नगर इलाके में कपड़ों के एक शोरूम के ट्रायल रूम में हुई इस दिल दहलाने वाली हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर दिया था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सूरज और मृतका शबनम एक-दूसरे को पहले से जानते थे. दोनों के बीच पहले दोस्ताना संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से रिश्तों में कड़वाहट आ गई थी.

धारदार हथियार से ट्रायल रूम में हमला 

शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि इसी तनातनी और एकतरफा मोहब्बत से जुड़ा मामला हत्या की वजह बन सकता है. पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम शबनम अपनी ड्यूटी पर थी. इसी दौरान आरोपी सूरज शोरूम पहुंचा. आरोप है कि उसने शबनम को ट्रायल रूम में बुलाया और वहां किसी धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया.

घटना का पता रात करीब 9 बजे चला, जब शोरूम के कर्मचारी दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे. ट्रायल रूम की जांच के दौरान शबनम खून से लथपथ हालत में मिली. कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को देखा और पाया कि उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर वार के निशान थे.

तफ्तीश के बाद पकड़ा गया

हत्या के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थीं. सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और उसके आने-जाने के रास्तों की पड़ताल की गई. पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दिल्ली छोड़ने की कोशिश कर रहा है. इसके बाद तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर पर की गई छानबीन के जरिए उसे पकड़ लिया गया.

पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार समेत वारदात के हर पहलू की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी या फिर किसी विवाद के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया.

शबनम का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम की तस्वीर साफ हो सकती है.

यह भी पढ़ें: हनीट्रैप में महक, कैसे गई बहक; पाकिस्तान के मूसा और शाह ने रोमांटिक बातों से कैसे बना दिया 'आतंकी'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Crime News, Shabnam Murder Case, Delhi Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com