विज्ञापन

विराट कोहली की टीम के लिए गुड न्यूज, RCB के कोच ने ठुकराया इंग्लैंड से आया बड़ा ऑफर

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कोच एंडी फ्लावर ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच बनने की संभावना को खारिज कर दिया है. उन्होंने आरसीबी और ‘द हंड्रेड’ में लंदन स्पिरिट के साथ अपनी मौजूदा कोचिंग भूमिका जारी रखने का फैसला किया है.

विराट कोहली की टीम के लिए गुड न्यूज, RCB के कोच ने ठुकराया इंग्लैंड से आया बड़ा ऑफर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कोच एंडी फ्लावर
IANS

जिम्बाब्वे के पूर्व कप्तान और अनुभवी कोच एंडी फ्लावर ने इंग्लैंड की टेस्ट टीम के नए मुख्य कोच बनने की संभावना को खारिज कर दिया है.
हाल में ब्रेंडन मैकुलम के पद छोड़ने के बाद फ्लावर इस पद के प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और ‘द हंड्रेड' में लंदन स्पिरिट के साथ अपनी मौजूदा कोचिंग भूमिका जारी रखने का फैसला किया है.

हालांकि फ्लावर ने इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड के प्रबंध निदेशक रॉब की के साथ इस पद को लेकर चर्चा की थी. लेकिन उन्होंने मौजूदा जिम्मेदारियों से संतुष्ट होने का हवाला देते हुए यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया. फ्लावर 2009 से 2014 तक इंग्लैंड के मुख्य कोच रह चुके हैं. उन्होंने लंदन स्पिरिट के मीडिया कार्यक्रम में स्पष्ट किया कि वह अपनी वर्तमान जिम्मेदारियां छोड़ने के इच्छुक नहीं हैं.

आरसीबी के साथ अपनी भूमिका को लेकर खुश हैं कोच

जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने खुद को इस दौड़ से बाहर कर लिया है तो उन्होंने कहा, 'हां, बिल्कुल.' उन्होंने कहा, 'मैंने ईसीबी से बात की है. मुझे इंग्लैंड की राष्ट्रीय टेस्ट टीम के मुख्य कोच के खाली हुए पद की जानकारी है.' फ्लावर ने कहा, 'मैंने ईसीबी में पुरुष क्रिकेट के प्रबंध निदेशक रॉब की से इस विषय पर चर्चा की. लेकिन मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मैं इस समय अपने काम से बेहद खुश हूं.'

आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय टेस्ट टीम के बीच बैलेंस बनाना मुश्किल

उन्होंने कहा, 'मैं दो शानदार टीम के साथ काम कर रहा हूं. मैं अपनी मौजूदा भूमिका से पूरी तरह संतुष्ट हूं.' फ्लावर का मानना है कि आईपीएल और किसी अंतरराष्ट्रीय टेस्ट टीम के बीच बैलेंस बनाना मुश्किल है क्योंकि आईपीएल इंग्लैंड के घरेलू क्रिकेट सत्र के शुरुआती महीनों में होता है. उन्होंने कहा, 'मेरे लिए व्यक्तिगत तौर पर दोनों भूमिकाएं साथ निभाना संभव नहीं है, विशेषकर तब जब आईपीएल इंग्लैंड के ग्रीष्मकालीन क्रिकेट सत्र के शुरुआती दो महीनों में खेला जाता है.'

एंडी फ्लावर के नेतृत्व में इंग्लैंड ने जीती एशेज सीरीज

उन्होंने कहा, 'मैं पहले भी इंग्लैंड के साथ काम कर चुका हूं और वह अनुभव शानदार रहा. इंग्लैंड का मुख्य कोच बनने और उस टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मेरे लिए सम्मान की बात थी. उन वर्षों की यादें आज भी मेरे लिए बेहद खास हैं. लेकिन इस समय मैं अपने वर्तमान काम से पूरी तरह संतुष्ट हूं और उसी पर ध्यान देना चाहता हूं.' अपने पिछले कार्यकाल में फ्लावर ने इंग्लैंड को टेस्ट क्रिकेट में दुनिया की नंबर एक टीम बनाया था और टीम ने उनके नेतृत्व में तीन बार एशेज सीरीज भी जीती. फ्लावर ने आरसीबी के साथ इस वर्ष मई में आईपीएल खिताब जीता.

ये भी पढ़ें- Garfield Sobers: पाकिस्तान को रुलाने वाले ऑलराउंडर गारफील्ड सोबर्स का निधन, 89 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket, Andy Flower
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com