CM योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को मेरठ और सहारनपुर मंडल के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए और भ्रामक सूचनाओं का समय रहते खंडन किया जाए.
CM योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी संबंधित विभाग अपनी तैयारियां पूरी कर लें. पूरे यात्रा मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए. प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाए. उन्होंने मेरठ और सहारनपुर के मंडलायुक्तों को नियमित रूप से तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए.
कांवड़ संघों से लगातार संवाद बनाए रखें : CM योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों से लगातार समन्वय बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके. उन्होंने निर्देश दिए कि डीजे की आवाज निर्धारित मानक से अधिक न हो और कांवड़ की ऊंचाई भी तय सीमा के अनुरूप रहे, जिससे आवागमन में बाधा न आए. इसके लिए डीजे संचालकों, कांवड़ निर्माताओं और कांवड़ संघों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा.
यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को समय रहते गड्ढामुक्त करने और झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि पूरे मार्ग पर स्वच्छता बनी रहे और कहीं भी कूड़ा न दिखाई दे. कांवड़ शिविरों में स्ट्रीट लाइट, पेयजल, शौचालय, बिजली, साफ-सफाई और ताजा और सात्विक भोजन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहें. इसकी लगातार निगरानी की जाए. परिवहन विभाग को निर्देशित किया गया कि कोई भी चालक नशे की हालत में वाहन का संचालन न करे. वहीं विद्युत विभाग को ट्रांसफार्मरों और बिजली की लाइनों की विशेष निगरानी रखने को कहा गया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने तथा स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए. साथ ही सूचना विभाग के सहयोग से कांवड़ यात्रियों के लिए स्वागत द्वार और होर्डिंग लगाने तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा. बैठक में मेरठ और सहारनपुर मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें : बम बनाने वालों को शिवभक्तों की 'बम-बम' से होती थी दिक्कत; गाजियाबाद में कांग्रेस-सपा पर बरसे सीएम योगी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं